झारखंड
आरयू में नैक मूल्यांकन की तैयारी जारी, 22 विभागों ने तैयार किया प्रजेंटेशन
By Deshwani | Publish Date: 13/4/2017 4:42:40 PMरांची। रांची विश्वविद्यालय (आरयू) के निरीक्षण के लिए पहली बार राष्ट्रीय मूल्यांकन प्रत्यायण परिषद् (नैक) की टीम 16 अप्रैल को रांची आ रही है। टीम में कुल सात सदस्य होंगे। टीम के सदस्य 17 से 19 अप्रैल तक आरयू विवि मुख्यालय सहित पीजी के 22 विभागों, एचआरडीसी, लाइब्रेरी, बहुद्देशीय परीक्षा भवन आदि का निरीक्षण करेंगी। इसकी तैयारी विश्वविद्यालय प्रशासन आरयू द्वारा जोर-शोर से की जा रही है। इसके लिए शहीद चौक स्थित मुख्यालय और मोरहाबादी कैंपस स्थित भवनों की रंग-रोगन का भी काम जारी है। सभी पीजी विभागों ने नैक टीम के सामने विभाग की उपलब्धियों और खासियतों को दिखाने के लिए प्रजेंटेशन तैयार किया है।
इसमें विभाग में कितनी फैक्ल्टी हैं , यहां कोर सब्जेक्ट के अलावा किस वोकेशनल कोर्स की पढ़ाई होती है, विभाग के शिक्षकों के कितने मेजर और माइनर प्रोजेक्ट हैं, लैब और लाइब्रेरी की अद्यतन स्थिति के अलावा विभाग से जुड़ी उपलब्धियों के बारे में बताया जायेगा। इसे देखते हुए नैक सदस्यों के निरीक्षण के दौरान विवि के शिक्षकों, कर्मचारियों और अधिकारियों को अपने गले में आईकार्ड लटकाना का निर्देश दिया है, जिसमें उनके फोटो पर उनका नाम और विभाग का नाम अंकित रहेगा। आईकार्ड के लिए फोटोग्राफी का कार्य भी जारी है।