रांची
मिलकर खत्म कर सकते हैं महिलाओं पर हो रहे अत्याचार को : सीपी सिंह
By Deshwani | Publish Date: 27/1/2018 7:40:45 PMरांची (हि.स.)। नगर विकास मंत्री सीपी सिंह ने कहा कि समाज में बढ़ रहे महिलाओं के खिलाफ अत्याचार को मिलकर खत्म किया जा सकता है। इस दिशा में बोवार्ड काम कर रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य समाज में महिलाओं पर हो रहे अत्याचार, ट्रैफिक जागरुकता और नारी सशक्तिकरण के प्रति लोगों को जागरूक करना है। यह बात सीपी सिंह ने शनिवार को बोवार्ड द्वारा आयोजित 'पंडित दीनदयाल उपाध्याय कार रन-2018' का कांके रोड स्थित हॉलिडे होम से हरी झंडी दिखाकर पटना की ओर रवाना करने के बाद कही।
सीपी सिंह ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से ही समाज मे जागरुकता आती है और समाज और देश सशक्त बनता है। उन्होंने कहा कि मुझे एक बात ज्यादा अच्छी लगी कि महिलाएं भी कार चला रही हैं।
कार रन का आयोजन करने वाली बोवार्ड की समन्वयक व बिहार भाजपा प्रदेश की मंत्री अमृता भूषण ने बोवार्ड के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महिलाएं अपनी आत्मरक्षा स्वयं करना सीखें, महिलाओं को अपने हक के लिए आवाज उठाना होगा। आज भी हमारे सामने पीड़ित महिलाओं के उदाहरणों में कमी नहीं है। महिलाओं पर होने वाली हिंसा और शोषण की घटनाएं खत्म होने का नाम नहीं ले रही हैं। हमें इसे मिलकर खत्म करना होगा, इसके लिए ही हम कार रन के द्वारा जागरुकता सन्देश हर जगह पहुंचा रहे हैं।
अमृता भूषण ने कहा कि कार रन से जो भी फण्ड इक्कठा होगा, वह महिला सशक्तिकरण के लिए खर्च किया जाएगा। मौके पर कार्यक्रम के झारखंड राज्य संयोजक अरविंदर सिंह खुराना, तुषार विजयवर्गीय आदि माजूद रहे।
मालूम हो कि 26 जनवरी को सामाजिक मुद्दे पर लोगों के बीच ट्रैफिक नियम, कार प्रतियोगिता व खेल जगत में जागरुकता फैलाने के लिए बुद्धा ऑर्गेनाइजेशन ऑफ वीमेन अवेयरनेस एंड रूलर डेवलपमेंट 'बोवार्ड' ने पटना के चिड़ियांघर गेट नंबर-2 पर 'पंडित दीनदयाल उपाध्याय कार रन-2018 को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। कार रन 350 किमी की यात्रा कर शनिवार को रांची पहुंची है।