रांची
आम लोगों के लिए एक फरवरी से खुलेगा राजभवन उद्यान
By Deshwani | Publish Date: 22/1/2018 11:48:45 AMरांची (हि.स.)। रांची स्थित राजभवन का उद्यान आम लोगों के लिए एक फरवरी से खोला जाएगा। इस दौरान लगभग एक सप्ताह तक शहरवासी बिना किसी शुल्क के राजभवन उद्यान की सुंदरता को देख सकेंगे।
राजभवन की ओर से प्रत्येक वर्ष एक सप्ताह से 10 दिन तक के लिए उद्यान खोला जाता है ताकि आम लोग बिना किसी रोक-टोक के उद्यान को देख सकें। इस दौरान प्रत्येक वर्ष लाखों लोग राजभवन आते हैं। इस बार राजभवन द्वारा नई व्यवस्था की जा रही है। इसके तहत स्कूली बच्चों, कॉलेज के विद्यार्थियों एवं आम लोगों के लिए अलग-अलग दिन व समय निर्धारित कर उन्हें प्रवेश कराया जाएगा।
राजभवन के अंदर विभिन्न प्रकार के कई गुलाब के फूल, पेड़, पौधे सहित अन्य किस्म के फूल लगे हुए हैं। राजभवन उद्यान खुलने के बाद वहां पर सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किया जाता है। बड़ी संख्या में पुलिस के जवानों को वहां तैनात किया जाता है। किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना ना घटे, इसके लिए पुलिस प्रशासन दुरुस्त रहता है। इस दौरान राजभवन के अंदर जाने वालों की अच्छी तरह से जांच पड़ताल के बाद ही उन्हें अंदर प्रवेश मिलता है।