झारखंड
लिट्टीपाड़ा में झामुमो ने झोंकी पूरी ताकत
By Deshwani | Publish Date: 4/4/2017 10:51:36 AMझामुमो सुप्रीमो सह पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन और झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन
रांची, (हि.स.)। लिट्टीपाड़ा विधानसभा उपचुनाव को लेकर झामुमो ने पूरी ताकत झोंक दी है। झामुमो के अधिकतर विधायक और पदाधिकारी लिट्टीपाड़ा में कैंप किए हुए हैं। झामुमो सुप्रीमो सह पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन और झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन भी लिट्टीपाड़ा में जमे हुए हैं और वहां की हर एक गतिविधियों पर नजर बनाए रखे हुए हैं।
लिट्टीपाड़ा विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान नौ अप्रैल को होना है, जबकि मतगणना 13 अप्रैल को होगी। इसे लेकर शिबू सोरेन लगातार पार्टी पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दे रहे हैं। इस दौरान सोरेन लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों में प्रचार प्रसार कर पार्टी प्रत्याशी साइमन मरांडी के पक्ष में वोट मांग रहे हैं। बताते चलें कि झामुमो से अनिल मुर्मू लिट्टीपाड़ा के विधायक थे, जिनका बीते दिनों निधन हो गया था। जिसके बाद से यह सीट खाली हो गई थी। झामुमो के लिए यह सीट बचाना बहुत ही महत्वपूर्ण है। हालांकि उपचुनाव में भाजपा भी कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती। चुनाव को लेकर खुद मुख्यमंत्री रघुवर दास भी लिट्टीपाड़ा में जमे हुए हैं और भाजपा प्रत्याशी हेमलाल मुर्मू के पक्ष में प्रचार प्रसार कर वहां की जनता से वोट मांग रहे हैं। इसके अलावा कई निर्दलीय प्रत्याशी भी प्रचार प्रसार कर जनता का दिल जीतने का प्रयास कर रहे हैं।