झारखंड
गाड़ियों में लगायें स्पीड गवर्नर : डॉ. कमल सोई
By Deshwani | Publish Date: 3/4/2017 5:37:07 PMरांची, (हि.स.)। राष्ट्रीय रोड सेफ्टी काउंसिल के सदस्य डॉ. कमल सोई ने कहा है कि सड़क हादसों को रोकने के लिए कामर्शियल वाहनों ने स्पीड गवर्नर लगाना जरूरी है। इससे दुर्घटनाओं में कमी आयेगी। झारखंड में अभी इसका पालन नहीं हो रहा है। यहां स्पीड ब्रेकरों की संख्या बढ़ाना भी जरूरी है।
सोई सोमवार को लीलैक में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज हाइवे पर जितने भी एक्सीडेंट हो रहे हैं, यह कमर्शियल वाहनों से ही हो रहे हैं। इन दुर्घटनाओं में कमर्शियल वाहनों के चालकों को कुछ नहीं होता, लेकिन अन्य वाहनों के मालिक सहित अन्य को अपनी जान गंवानी पड़ती है। उन्होंने कहा कि 70 प्रतिशत सड़क दुर्घटना ओवर स्पीड के कारण होती है। इसे हम रोक सकते हैं। इसके लिए हमें वाहनों में स्पीड गवर्नर लगाने, स्पीड फिक्स्ड करने और सड़कों पर स्पीड ब्रेकर लगाने जैसे सुरक्षात्मक उपाय करने होंगे।
उन्होंने कहा कि कमर्शियल वाहनों के ड्राइवर अक्सर अनपढ़ होते हैं और वे पढ़े-लिखे लोगों की जान ले रहे हैं। अधिकतर ड्राइवर नशे में भी रहते हैं, जिस कारण दुर्घटनाएं अधिक हो रही हैं। कमर्शियल वाहनों की स्पीड 80 से 120 किमी प्रति घंटा तक होती है। ऐसे में स्पीड गवर्नर लगाकर इस पर लगाम लगाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि स्पीड गवर्नर लाइफ सेविंग डिवाइस है। उन्होंने बताया कि आज फिटनेस जांच गोरखधंधा बन चुका है। इस पर लगाम लगना चाहिए। सर्टिफाइड एजेंसी से इसे गाड़ी में लगवायें। बीते वर्ष झारखंड में सड़क दुर्घटना में कुल 3232 मौतें हुई हैं।