झारखंड
झारखंड की सांस्कृतिक पहचान बनेगा रवींद्र भवन : सीपी सिंह
By Deshwani | Publish Date: 2/4/2017 1:20:46 PMनगर विकास मंत्री सीपी सिंह
रांची, (हि.स.)। यह झारखंड वासियों का सौभाग्य है कि रविवार को राष्ट्रपति के हाथों रवींद्र भवन और हज हाउस का शिलान्यास हो रहा है। उनके कर कमलों से इसका शिलान्यास गर्व की बात है। रविवार को यह बातें नगर विकास मंत्री सीपी सिंह ने कहीं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रघुवर दास का कुशल नेतृत्व राज्य के विकास में मील का पत्थर साबित हो रहा है। आवास विहीन लोगों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना को धरातल पर लाने का काम किया जा रहा है। रवींद्र नाथ के सम्मान के लिए रवींद्र भवन के निर्माण और हज हाउस के निर्माण का फैसला लिया है। आश्वस्त करना चाहता हूं कि इन दोनों का निर्माण समय पर और गुणवत्ता पूर्ण तरीके से होगा। रांची स्मार्ट सिटी के लिए चुना गया है। उन्होंने कहा कि राज्य में 54000 लोगों को कौशल विकास का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। वहीं 6700 युवकों का नियोजन हो चुका है। उन्होंने कहा कि सभी स्थानीय निकायों में 24 घंटे शुद्ध पेयजल की ब्यवस्था हो इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए कई योजनाओं की शुरूआत की गई है।
मौके पर नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव अरुण कुमार सिंह ने कहा कि रवींद्र भवन और हाउस का निर्माण कार्य 24 महीने में पूरा होना है। रवींद्र भवन का निर्माण कार्य 155 करोड़ रुपये और हज हाउस का निर्माण कार्य 55 करोड़ रुपये से किया जाना है। इस अवसर पर सांसद रामटहल चौधरी, मेयर आशा लकड़ा सहित अन्य लोग उपस्थित थे।