झारखंड
उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन केंद्रों पर लगेगा सीसीटीवी कैमरा
By Deshwani | Publish Date: 1/4/2017 11:56:09 AMप्रतीकात्मक फोटोः झारखंड एकेडमिक काउंसिल रांची
रांची, (हि.स.)। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) की मैट्रिक और इंटर परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन अप्रैल माह के दूसरे सप्ताह में शुरू होगा। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरा भी लगाया जाएगा। इसकी निगरानी जैक करेगा।
उत्तर पुस्तिकाओं की जांच के लिए राज्यभर में कुल 64 केंद्र बनाए गए हैं। जानकारी के अनुसार मैट्रिक के लिए 20 जिलों में 35 मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं। जबकि इंटरमीडिएट के लिए 16 जिलों में 29 मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं। वही इंटर के आर्ट्स के लिए 16, साइंस के लिए आठ और कॉमर्स के लिए छह केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों में उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन अप्रैल के दूसरे सप्ताह से शुरू होगा।
बताते चलें कि मूल्यांकन केंद्र सबसे अधिक रांची जिले में बनाए गए हैं। रांची में इंटर के लिए छह और मैट्रिक के लिए सात मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं। कुल 20 जिलों में ही मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं। मैट्रिक और इंटर की साइंस और कॉमर्स की पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य पहले होगा। आर्ट्स की पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य थोड़ा विलम्ब से शुरू होगा। इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन में डिग्री कॉलेज में चल रहे इंटर के शिक्षकों को नहीं लगाया जाएगा। कॉलेजों में मूल्यांकन केंद्र भी नहीं बनेगा। जानकारी के अनुसार उत्तर पुस्तिकाओं की जांच के बाद 20 मई तक इंटर और मैट्रिक का रिजल्ट जारी किया जाएगा। इसे लेकर जैक ने तैयारी शुरू कर दी है।