झारखंड
दस करोड़ की लागत से होगा करमटोली का सौंदर्यीकरण
By Deshwani | Publish Date: 27/3/2017 5:09:04 PMरांची, (हि.स.)। रांची नगर निगम द्वारा इन दिनों राजधानी के विभिन्न ने तालाबों का सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है। शहर में स्थित लगभग 12 से अधिक तालाबों का सौंदर्यीकरण किया जाना है। इसी क्रम में राजधानी के करम टोली चौक के समीप स्थित करम टोली तालाब की सूरत जल्द ही बदलने वाली है। यूडीपी इंटरनेशनल ने इससे संबंधित डीपीआर झारखंड अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कंपनी (जुडको) को सौंप दिया है। इस तालाब के सौंदर्यीकरण पर लगभग 10 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके साथ ही करम टोली चौराहा का भी सौंदर्यीकरण किया जाएगा।
डीपीआर के मुताबिक तालाब के सौन्दर्यीकरण के क्रम में वहां बहुद्देशीय हॉल के निर्माण के साथ-साथ कैफेटेरिया, इंडोर प्लानिंग जोन, लॉन्ज, पाथवे आदि का भी निर्माण होगा। 100 चार पहिया वाहनों की क्षमता वाली अंडर ग्राउंड कार पार्किंग, म्यूजिकल एंड डांसिंग फाउंटेन, वॉच टावर सहित अन्य का भी निर्माण और सुंदरीकरण किया जाएगा। इसी तरह नगर निगम क्षेत्र में बहने वाली स्वर्णरेखा नदी को साबरमती की तर्ज पर संवारने से संबंधित फिजिबिलिटी रिपोर्ट भी शीघ्र सौपें जाने की तैयारी है। यह रिपोर्ट एचईसी डिजाइन एंड कंसल्टेंसी की ओर से सौंपी जाएगी।