झारखंड
पूर्वोत्तर राज्यों के विकास में मददगार होगा देवघर हवाई अड्डा : रघुवर दास
By Deshwani | Publish Date: 25/3/2017 7:58:37 PMरांची। देवघर एयरपोर्ट के विस्तारीकरण और डोमेस्टिक हवाई अड्डा निर्माण को लेकर राज्य सरकार, रक्षा अनुसंधान व विकास संगठन (डीआरडीए) और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के बीच शनिवार को त्रिपक्षीय एकरारनामा हुआ। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने एमओयू के बाद कहा कि देवघर हवाई अड्डा संथाल परगना और झारखंड के समग्र व समावेषी विकास में मील का पत्थर साबित होगा। यह एयरपोर्ट दिसम्बर 2019 तक बन कर तैयार हो जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सोच के अनुरूप पूर्वोत्तर राज्यों के विकास में देवघर का यह हवाई अड्डा महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगा। उन्होंने कहा कि इस हवाई अड्डा के बनने से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
देवघर में खुलने वाले एम्स के लिए भी यह उपयोगी होगा। दास ने कहा कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के पश्चात राज्य में कई निवेश धरातल पर उतरने जा रहे हैं। नए एयरपोर्ट व नए एयर कनेक्टिविटी से निवेश को काफी बढ़ावा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में जमशेदपुर, बोकारो, दुमका, पलामू, रांची व देवघर इत्यादि स्थानों के बीच एयर इन्टर कनेक्टिविटी के लिए भी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही रांची से चेन्नई एवं हैदराबाद के लिए भी फ्लाइट का प्रस्ताव रखा गया है।
उन्होंने कहा कि किसी भी स्थान के विकास में कनेक्टिविटी का महत्वपूर्ण योगदान होता है। झारखंड में सड़क कनेक्टिविटी, एयर कनेक्टिविटी के साथ-साथ वाटर कनेक्टिविटी पर भी तेजी से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने साहेबगंज में गंगा नदी पर पुल एवं मल्टी मॉडल हब के निर्माण से इस क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियां तेज होगी और क्षेत्र का विकास तेजी से होगा। उन्होंने कहा कि वैश्विक मंदी के दौर में भी भारत की अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ रही है। 21वीं सदी भारत का होगा। इस अवसर पर केन्द्रीय नागर विमानन राज्यमंत्री जयंत सिन्हा, नगर विकास मंत्री सीपी सिंह, सांसद रामटहल चौधरी व निशिकांत दुबे, मुख्य सचिव राजबाला वर्मा, विकास आयुक्त अमित खरे सहित डीआरडीओ, एयरपोर्ट ऑथरिटी ऑफ इंडिया के कई अधिकारी मौजूद थे।