झारखंड
जनता को न दौड़ायें अधिकारी : रघुवर दास
By Deshwani | Publish Date: 23/3/2017 5:08:09 PMरांची। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि अंचल अधिकारी जनता को उनके काम को लेकर न दौड़ायें। बदलते दौर में अधिकारी भी बदले और ईमानदारी से अपने दायित्व का निर्वहन करें। प्रजातंत्र में जनता मालिक है और हम सब उनके सेवक। इसी भावना से काम करने की जरुरत है। दास गुरुवार को उपायुक्त और राजस्व, निबंधन व भूमि सुधार विभाग के पदाधिकारियों के बीच वाहन और टेबलेट वितरण कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन।
जनता विकास और त्वरित गति से काम होता देखना चाहती है। इसके लिए अधिकारियों को राज्य का कर्मयोगी बनना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता के पैसे से हमें तनख्वाह मिलती है, इसलिये जनता को परेशान नहीं करें। सबों को इस सरकार में पारदर्शिता और ईमानदारी पूर्वक काम करना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया बदल रही है, बदलते युग में हमें भी बदलना होगा ताकि हम अपनी कार्य प्रणाली में तकनीक का उपयोग करते हुए जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान कर सकें। अधिकारी और पदाधिकारियों को सुविधा यानी वाहन व टेबलेट प्रदान करना इसी कड़ी का एक हिस्सा है। आपको सुविधा उपलब्ध करायी है। हमें तेजी से विकास करना है और आपको इसमें अपनी सहभागिता सुनिश्चित करनी है।