झारखंड
रांची-लोहरदगा टोरी लाइन का गुरुवार को ऑनलाइन उद्घाटन करेंगे रेल मंत्री
By Deshwani | Publish Date: 8/3/2017 3:26:11 PM रांची। रांची से लोहरदगा जाने वाले यात्रियों को अब परेशानी नहीं होगी और समय भी कम लगेगा। क्योंकि रांची से लोहरदगा-टोरी के बीची सीधी रेल सेवा शुक्रवार से शुरू हो जाएगी। इसकी तैयारी पूरी कर ली गई है। एक सादे समारोह में रेल मंत्री सुरेश प्रभु दिल्ली से ही वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये रिमोट कंट्रोल से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। वहीं रांची रेलवे स्टेशन में भी इससे संबंधित समारोह का आयोजन दिन के 11 बजे से होगा। उद्घाटन के दिन सांकेतिक रूप से यह ट्रेन चलेगी।
अगले दिन से ट्रेन अपने निर्धारित समय से खुलेगी। रांची से टोरी के बीच चलनेवाली पैसेंजर ट्रेन का किराया 40 से 45 रुपये के बीच होने की संभावना है। रेल मंडल की ओर से इसकी तैयारी पूरी कर ली गई है। समारोह में मुख्यमंत्री रघुवर दास केन्द्रीय मंत्री सुदर्शन भगत, सांसद रामटहल चौधरी, सांसद महेश पोद्दार, विधायक सीपी सिंह, लोहरदगा विधायक सुखदेव भगत सहित रेलवे के कई अधिकारी मौजूद रहेंगे। गौरतलब है कि ट्रेन रांची से सुबह 9:30 बजे खुलेगी और लोहरदगा 11 बजे पहुंचेगी, लोहरदगा से खुलेगी 11:05 बजे और बड़कीचांपी पहुंचेगी 11:25 बजे, बड़कीचांपी से खुलेगी 11:27 बजे और बोदा पहुंचेगी 11:48 बजे, बोदा से खुलेगी 11:50 बजे, टोरी पहुंचेगी दोपहर 12:05 बजे, वहीं टोरी से ये ट्रेन रांची के लिए टोरी से दोपहर 2:45 खुलेगी और बोदा 3 बजे पहुंचेगी, बोदा से खुलेगी 3:02 बजे और बड़कीचांपी पहुंचेगी 3:28 बजे, बड़कीचांची से खुलेगी 3:30 बजे और लोहरदगा पहुंचेगी 3:50 बजे, लोहरदगा से 3:55 बजे खुलेगी और रांची पहुंचेगी शाम 5:25 बजे।