रांची
कांग्रेस में गुटबाजी खत्म करने के लिए 9 को रांची आएंगे कांग्रेस प्रभारी आरपीएन सिंह
By Deshwani | Publish Date: 5/8/2017 1:18:32 PMरांची, (हि.स.)। विश्व आदिवासी दिवस और अगस्त क्रांति दिवस के अवसर पर नौ अगस्त को प्रदेश कांग्रेस की ओर से विधानसभा का घेराव किया जाना है। इस घेराव में प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी सह पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह भी शामिल होंगे। विधानसभा घेराव में शामिल होने के लिए सिंह सात या आठ अगस्त को रांची पहुंचेंगे।
बताया जाता है कि प्रदेश कांग्रेस में गुटबाजी को खत्म करने के लिए आरपीएन सिंह को यहां का प्रभारी बनाया गया है। प्रदेश कांग्रेस करीब तीन-चार गुटों में बंटी हुई है। कांग्रेस में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप कुमार बलमुचू और धीरज साहू आदि गुट हैं। इन सबको एकजुट करने की जिम्मेदारी आरपीएन सिंह को सौंपी गई है। बताया जाता है कि कांग्रेस नेतृत्व ने आरपीएन सिंह को इस दिशा में कई आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं।
पिछले दिनों प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखदेव भगत के नेतृत्व को लेकर प्रदेश के कई नेताओं ने सवाल भी खड़ा किया था। इसे लेकर कई नेता दिल्ली भी गए थे और केंद्रीय नेतृत्व को इसकी जानकारी दी थी। बताया जाता है कि इन सभी बातों को आरपीएन सिंह को भी बताया गया है। आरपीएन सिंह विधानसभा घेराव में शामिल होने के बहाने प्रदेश कांग्रेस के नेताओं के साथ बैठक भी करेंगे जिसमें कार्यकर्ताओं और नेताओं को एकजुट रहने का गुर भी सिखाएंगे। हालांकि इससे पूर्व भी आरपीएन सिंह रांची आए थे और उन्होंने नेताओं और कार्यकर्ताओं को सख्त निर्देश दिया था कि प्रदेश कांग्रेस में गुटबाजी नहीं चलेगी। कांग्रेस कार्यकर्ता एकजुट होकर संगठन के लिए कार्य करें।