रांची
गैर भाजपा दलों को साथ लाए कांग्रेस : मरांडी
By Deshwani | Publish Date: 29/7/2017 4:33:58 PMरांची/हजारीबाग, (हि.स.)। झारखंड विकास मोर्चा (झाविमो) प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि भाजपा विरोधी पार्टियों को एक होकर भाजपा से मुकाबला करने की जरूरत है। पूर्व सीएम मरांडी ने शनिवार को प्रेसवार्ता में कहा कि लगता है कि राजनीति में नैतिकता और ईमान की बातें करना बेमानी हैं। उन्होंने कहा कि आज हर पार्टी गठबंधन कर ही चुनाव लड़ रही हैं। बीजेपी के साथ भी कई सारे दल पार्लियामेंट में जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि दो दर्जन से भी अधिक पार्टियां भाजपा के साथ है। उन्होंने कहा कि मुझे ऐसा लगता है कि कांग्रेस को गैर भाजपा पार्टियों को एक मंच पर साथ लाने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा देश का माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रही है।
मरांडी ने कहा कि अगर भाजपा में नैतिकता होती तो बिहार में सरकार नहीं बनाती। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनाव के मैदान में जाती और चुनाव जीत कर आने के बाद सरकार बनाती तो अच्छा होता। उन्होंने कहा कि ऐसा करना ही सबसे बेहतर होता। ऐसा करने से राजनीति में नेताओं की साख बनती। उन्होंने कहा कि दोनों राजनीतिक पार्टियां (भाजपा-जदयू) एक दूसरे के विरोध में बिहार में चुनाव लड़ीं। चुनाव के दौरान एक दूसरे की आलोचना करते रहे और अब फिर से दोनों पार्टियों ने मिलकर बिहार में सरकार बना ली।