झारखंड
22 जून को बलिदान दिवस मनायेगा आजसू
By Deshwani | Publish Date: 16/6/2017 5:33:17 PMरांची, (हि.स.)। जनपरिचय में आयी जनसमस्याओं को सूचीबद्ध करें। पार्टी उन विषयों को हल करने की पहल करेगी। शुक्रवार को यह बातें आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो ने कहीं। वह अपने आवास में आयोजित जनपरिचय सभा में बोल रहे थे। इस अभियान के जरिये पार्टी महाधिवेशन में लिए गए निर्णयों को गांव तक पहुंचाने का निर्णय लिया था। इसमें निर्णय हुआ कि 22 जून को प्रदेश के सभी प्रखंडों में बलिदान दिवस मनाया जायेगा। इसमें झारखंड आंदोलन में शहीद हुए साथियों को श्रद्धांजलि अर्पित की जायेगी और उनके सपनों को पूरा करने का संकल्प लिया जायेगा।
बैठक में यह भी निर्णय हुआ कि 30 जून को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में सिद्धू-कानू ‘‘हूल दिवस’’ मनाया जायेगा। बैठक प्रमंडलीय प्रभारी राजेंद्र मेहता की अध्यक्षता में हुई। बैठक में मुख्य प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता और मुद्दा आधारित राजनीति पर विश्वास करती है। पार्टी जनपरिचय सभा के माध्यम से संवाद, सुझाव एवं समस्या को एकत्रित करने की पहल की गयी है। बैठक में मुख्य रूप से केद्रीय संगठन सचिव साधु शरण गोप, महिला प्रदेश अध्यक्ष वायलेट कच्छप, केंद्रीय प्रवक्ता जयंत घोष, केंद्रीय सचिव सूरज अग्रवाल, गोपीनाथ सिंह, सुनील सिंह, लाल गुड्डू नाथ शाहदेव और राजू गुप्ता के साथ-साथ जनपरिचय सभा के सभी पदाधिकारी उपस्थित थे।