झारखंड
सीबीआई की विशेष कोर्ट में पेश हुए लालू यादव
By Deshwani | Publish Date: 9/6/2017 3:22:59 PMरांची, (हि.स.)| चारा घोटाले से जुड़े दो मामलों में राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव शुक्रवार को यहां केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की विशेष अदालत में हाजिर हुए।
यादव चारा घोटाले के मामले 64 ए 96 में सीबीआई के विशेष न्यायाधीक्ष शिवपाल सिंह की विशेष अदालत में पेश हुए। यह मामला देवघर कोषागार से 97 लाख रुपये की अवैध निकासी का है। यादव चारा घोटाले के एक अन्य मामले 45 ए 96 में भी अदालत में पेश हुए। यह मामला डोरंडा कोषागार से 139 करोड़ 37 लाख रुपये की निकासी का है।
राजद अध्यक्ष यादव के अलावा बिहार के मुख्यमंत्री डा. जगन्नाथ मिश्र भी चारा घोटाले के मामले 54 ए 96 में अदालत में पेश हुए। अदालत ने उन्हें इस मामले में जमानत दे दी। अदालत से निकलने के बाद पत्रकारों से बातचीत में लालू यादव ने कहा कि कोर्ट के बुलावे पर वह अदालत में हाजिर हुए हैं। उन्होंने कहा कि वह अदालत का पूरा सम्मान करते हैं और उन्हें न्याय मिलेगा। गौरतलब है कि यादव चारा घोटाले के एक मामले 20 ए 96 में पहले से सजायाफ्ता हैं। यह मामला चाईबासा कोषागार से अवैध निकासी का है। यादव चारा घोटालों के मामले में फिलहाल जमानत पर हैं।