झारखंड
राज्यपाल ने किया पौधारोपण
By Deshwani | Publish Date: 5/6/2017 3:51:13 PMरांची, (हि.स.)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने राजभवन परिसर में शहतूत (मलबरी) के पौधे का रोपण किया। इस अवसर पर राज वन में शहतूत, अनार, अमरूद समेत लगभग पांच सौ फलदार वृक्षों का रोपण किया गया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने संदेश में कहा कि प्रकृति के संरक्षण एवं संवर्द्धन के प्रति सभी को सचेत रहना चाहिये। सभी नागरिक अपने जीवन में अधिक-से-अधिक पेड़ लगायें तथा अन्य को भी वृक्षारोपण के प्रति प्रेरित करें ताकि आनेवाली पीढ़ी का भविष्य सुरक्षित एवं सुखमय हो सके। उन्होंने कहा कि सभी लोग अपने घरों में अधिक-से-अधिक फलदार पौधे लगायें। साथ ही ऐसे स्थल पर भी वृक्षारोपण करें जहां उसके संवर्धन निरंतर हो सकें। उन्होंने सभी को जन्मोत्सव, सालगिरह जैसे अन्य विश्ष्ट अवसर पर भी पौधारोपण करने के लिए कहा। इस अवसर पर राज्यपाल के प्रधान सचिव, ए.टी.आई. के महानिदेशक मृदुला सिन्हा, वन एवं पर्यावरण विभाग के अधिकारीगण, प्रशिक्षु भारतीय प्रशासनिक सेवा (भाप्रसे) के अधिकारीगण एवं स्कूली बच्चे उपस्थित थे।