झारखंड
झारखंड का दूसरा नेतरहाट विद्यालय होगा खूंटी में
By Deshwani | Publish Date: 27/5/2017 10:46:17 AMरांची, (हि.स.)। झारखंड में दूसरा आवासीय विद्यालय स्थापित करने की ओर सरकार अग्रसर है। अतिउग्रवाद प्रभावित खूंटी जिले में नेतरहाट की तर्ज पर दूसरा आवासीय विद्यालय स्थापित किया जायेगा। इसके लिए भूमि की तलाशी शुरू कर दी गई है। वहीं संथालपरगना के मसनिया और कोल्हान में नेतरहाट स्कूल की स्थापना की जायेगी। राज्य के तीन प्रमंडलों में खुलने वाले नये नेतरहाट विद्यालय में इसी सत्र से पढ़ाई भी शुरू होने की संभावना है। इस संबंध में शिक्षा सचिव आराधना पटनायक ने बताया कि जल्द ही अधिकारियों की टीम शीघ्र ही खूंटी जायेगी और स्कूल के लिए भूमि की तलाश करेगी।
राज्य में पहला नेतरहाट स्कूल लातेहार जिले में स्थित है। यह समुद्र सतह से 3622 फीट की ऊंचाई पर स्थित है। रांची से यह करीब 150 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। प्रकृति ने इसे बहुत ही खूबसूरती से संवारा है। यह स्थल पर्यटक के लिए भी प्रसिद्ध है। यहां पर लोग सूर्योदय और सूर्यास्त देखने आते हैं। यह नजारा नेतरहाट से करीब 10 किमी की दूरी पर आकर्षक ढंग से देखा जा सकता है। इसके अलावा, यहां घाघरी एवं लोअर घाघरी नमक दो छोटे-छोटे जलप्रपात भी हैं, जो प्रसिद्ध स्थल हैं।