राज्य
गणतंत्र दिवस पर घुड़सवारी अकादमी के खिलाडिय़ों का शानदार प्रदर्शन
By Deshwani | Publish Date: 27/1/2018 6:04:53 PMभोपाल (हि.स.)। राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस पर मध्यप्रदेश राज्य घुड़सवारी अकादमी के खिलाडिय़ों ने राजधानी भोपाल के लाल परेड ग्राउंड पर आयोजित राज्य स्तरीय मुख्य समारोह में टेंट पैगिंग का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का दिल जीत लिया।
गणतन्त्र दिवस के अवसर पर लाल परेड ग्राउण्ड पर आयोजित मुख्य समारोह में घुड़सवारी अकादमी के खिलाड़ी फराज खान ने ‘चाँदनी’ अश्व, आनंद झाला ने ‘केब्ल्स’ और करन झाला ने ‘आलिया’ अश्व पर टेन्ट पैगिंग इवेन्ट का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस इवेन्ट में करीब 80 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से ‘अश्व’ को दौड़ाते हुए खिलाड़ी को भाले से गत्ते की ‘पेंग’ पर निशाना साधना होता है। टेंट पैगिंग के इस प्रदर्शन का करतल ध्वनि से स्वागत करते हुए उपस्थित जन-समूह द्वारा इसे सराहा गया। घुड़सवारी अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक केप्टन भागीरथ के नेतृत्व में खिलाडिय़ों ने प्रदर्शन किया।
देश सबसे पहले खेल और युवा कल्याण विभाग में भी गणतन्त्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर टी.टी. नगर स्टेडियम में संचालक खेल और युवा कल्याण उपेन्द्र जैन द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। इस मौके पर खेल संचालक जैन ने अधिकारी, कर्मचारी एवं खिलाडिय़ों को संबोधित किया। उन्होंने गणतंत्र दिवस का उद्देश्य रेखांकित करते हुए कहा कि राष्ट्र की सेवा करना हम सभी का कर्तव्य है क्योंकि देश सबसे पहले है। उन्होंने खिलाडिय़ों से कहा कि जब भी आप अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मैडल प्राप्त करते हैं तो देश गौरवान्वित होता है। उन्होंने समस्त अधिकारी कर्मचारी, खेल प्रशिक्षकों ओर खिलाडिय़ों को गणतंत्र दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर संयुक्त संचालक खेल डाँ. विनोद प्रधान एवं बी.एस. यादव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।