ब्रेकिंग न्यूज़
मोतिहारी के केसरिया से दो गिरफ्तार, लोकलमेड कट्टा व कारतूस जब्तभारतीय तट रक्षक जहाज समुद्र पहरेदार ब्रुनेई के मुआरा बंदरगाह पर पहुंचामोतिहारी निवासी तीन लाख के इनामी राहुल को दिल्ली स्पेशल ब्रांच की पुलिस ने मुठभेड़ करके दबोचापूर्व केन्द्रीय कृषि कल्याणमंत्री राधामोहन सिंह का बीजेपी से पूर्वी चम्पारण से टिकट कंफर्मपूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री सांसद राधामोहन सिंह विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगेभारत की राष्ट्रपति, मॉरीशस में; राष्ट्रपति रूपुन और प्रधानमंत्री जुगनाथ से मुलाकात कीकोयला सेक्टर में 2030 तक नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता को 9 गीगावॉट से अधिक तक बढ़ाने का लक्ष्य तय कियाझारखंड को आज तीसरी वंदे भारत ट्रेन की मिली सौगात
राज्य
गणतंत्र दिवस पर राज्यपाल ने लिंगानुपात 950 करने का दिया लक्ष्य
By Deshwani | Publish Date: 26/1/2018 4:17:26 PM
गणतंत्र दिवस पर राज्यपाल ने लिंगानुपात 950 करने का दिया लक्ष्य

अम्बाला  (हि.स.)। हरियाणा के राज्यपाल प्रोफेसर कप्तान सिंह सोलंकी ने 69वें गणतंत्र दिवस पर अम्बाला में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर राज्यपाल ने जनता को गणतंत्र की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कन्या भ्रूण हत्या के लिए कुख्यात रहे हरियाणा में लिंगानुपात में हो रहे सुधार को और अधिक करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा, इसे और तेज करने की जरूरत है। राज्यपाल ने खेल से लेकर विज्ञान तक के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का ध्वज लहरा रही बेटियों का अपने भाषण में विशेष रूप से उल्लेख किया। राज्यपाल ने लिंगानुपात में सुधार पर जोर देते हुए कहा कि हरियाणा में कुछ समय से लिंगानुपात में काफी तेजी से सुधार हो रहा है। वर्तमान समय एक हजार लड़कों पर 930 लड़कियों का लिंगानुपात है। इस लिंगानुपात को 950 करना है। राज्यपाल ने इस अवसर पर कहा कि हरियाणा ने भौतिक विकास के साथ ही सांस्कृतिक मूल्यों को भी संजोए रखा है। यह प्रदेश संस्कृति का मूल केन्द्र है। कुरूक्षेत्र में भगवान श्रीकृष्ण ने गीता का पावन उपदेश दिया। सरस्वती नदी के पवित्र तट पर कभी वेदों की ऋचाएं रचित की गई थीं।
खुशहाली और सुशासन का दस्तावेज है संविधान
राज्यपाल ने अपने उदबोधन में कहा कि आजादी की लड़ाई के दौरान हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने ऐसे आदर्श राज्य की कल्पना की थी जिसमें जाति, धर्म, रंग अथवा वर्ग के आधार पर किसी भी प्रकार का भेदभाव न हो। सभी नागरिक कानून की मर्यादा में रहें। राज्यपाल ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों ने जिस स्वतंत्र, शक्तिशाली व महान भारत के सपने संजोये थे। आजादी के बाद उस सपने को पूरा करना हर भारतवासी का कर्तव्य है। स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों के अनुकूल शासन प्रणाली बनाना एक कठिन काम था। लेकिन बाबा साहेब डॉ भीमराव अम्बेडकर जैसे संविधान निर्माताओं ने बड़ी सूझबूझ और गहन विचार-मंथन के बाद हमें दुनिया का सबसे बड़ा संविधान प्रदान किया। इसमें सभी को न्याय, विचारों की आजादी, उन्नति के समान अवसर दिए गए हैं। यह संविधान खुशहाली और सुशासन का दस्तावेज है। संविधान ने जनता को स्वशासन की सर्वोच्च शक्ति प्रदान की है। यह वह ग्रंथ है, जिसने विविधताओं से भरे इस देश को एकता के सूत्र में पिरोया है। भारतीयों ने पूरे संसार में अपनी क्षमता की छाप छोड़ी है। इसलिए अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर हमें सम्मान की दृष्टि से देखा जाता है। लेकिन वर्तमान समय में कुछ ऐसी शक्तियां हमारे सामने कड़ी चुनौती पेश कर रही हैं जो गणतांत्रिक मूल्यों और कानून के राज को नकारकर देश में अराजकता की स्थिति पैदा करना चाहती हैं। हमें उनके इरादों को नाकाम करना है। तभी हमारा गणतंत्र दिवस मनाना सार्थक कहा जा सकता है।
उन्होंने कहा कि प्रजातन्त्र में लोगों को अपने अधिकारों की प्राप्ति के साथ-साथ देश के प्रति अपने फर्ज को निभाना भी बहुत जरूरी है। उन्होंने नागरिकों विशेषकर युवाओं का आह्वान किया कि गणतंत्र दिवस पर वे आज राष्ट्र के निर्माण और विकास के लिए उसी राष्ट्रीय भावना को अपनाएं जो स्वतन्त्रता संग्राम के समय हमारे स्वतन्त्रता सेनानियों और देशभक्तों ने अपनाई थी। तभी देश की एकता व अखण्डता भी मजबूत होगी।
भारतीय संस्कृति का मूल केन्द्र है हरियाणा
प्रदेशवासियों के नाम अपने संदेश में राज्यपाल ने कहा कि भौतिक विकास के साथ हरियाणा ने सांस्कृतिक मूल्यों को भी संजोए रखा है। यह प्रदेश भारतीय संस्कृति का मूल केन्द्र है। यहीं कुरूक्षेत्र में भगवान श्रीकृष्ण ने गीता का पावन संदेश दिया। इसका विश्वभर में प्रसार करने के लिए अंतर्राष्ट्रीय स्तर के गीता महोत्सव का आयोजन आरंभ किया गया। इसी प्रकार राज्य में गौ संरक्षण के लिए कड़े कानून लागू हैं। जिस पावन नदी सरस्वती के तटों पर कभी वेदों की ऋचाएं रचित की गई थीं उसे फिर से धरा पर लाने के प्रयास भी जारी हैं।
देश के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में अग्रणी भूमिका अदा की थी अम्बाला ने
देश की आजादी में अम्बाला के इतिहास का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आज अम्बाला की उस पावन भूमि पर तिरंगा फहराया है जहां 8 मई 1857 को स्वतंत्रता आन्दोलन की पहली चिनगारी फूटी थी। यहां से उठी चिनगारी ने न केवल प्रथम स्वतंत्रता संग्राम का रूप धारण कर ईस्ट इंडिया कंपनी के शासन का अंत किया बल्कि आगे चलकर ऐसे विशाल जन आन्दोलन को खड़ा कर दिया जिसके बलबूते हम 1947 में ब्रिटिश शासन को उखाड़ फेंकने में सफल रहे।उन्होंने कहा कि प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों की याद में हरियाणा सरकार लगभग 175 करोड़ रुपए की लागत से राष्ट्रीय स्तर का एक भव्य स्मारक अंबाला छावनी में बनाने जा रही है।
प्रदेश की जनता के कड़ी मेहतन ने हरियाणा को बनाया देश का अग्रणी राज्य
उन्होंने प्रदेश के नागरिकों को गणतंत्र दिवस की मुबारकबाद देते हुए कहा कि यहां के जनमानस ने आपनी कड़ी मेहनत और सच्ची लगन से हरियाणा को देश का अग्रणी राज्य बना दिया है। आज खेती से लेकर उद्योग, विदेशी निवेश और जनकल्याण की सरकारी योजनाओं व कार्यक्रमों को नई तकनीकों से जोड़कर 21वीं शताब्दी के नए हरियाणा के निर्माण के प्रयास जारी हैं। नई तकनीक का यह उपयोग व्यवस्था के लिए परिवर्तनकारी सिद्ध हो रहा है। तकनीकी क्रांति की यह नई व्यवस्था बेईमानी, भ्रष्टाचार व अनियमितताओं पर कड़ा प्रहार कर रही है।
उन्होंने कहा कि हालांकि नई तकनीकों का यह प्रयोग देशभर में हो रहा है| इसके बल पर हरियाणा प्रदेश औद्योगिक, हरित और श्वेत क्रांति के बाद सूचना तकनीक क्रान्ति लाने में सफल हुआ है। प्रधानमंत्री ने 2022 के जिस नए भारत की परिकल्पना की है हरियाणा उसे साकार करने की दिशा में दृढ़ता से आगे बढ़ते हुए कई मंजिलें तय कर चुका है। इसी दिशा में डिजिटल इंडिया की ओर कदम बढ़ाते हुए राज्य के 5 हजार 620 गांवों को नेशनल आप्टिक फाइबर केबल से जोड़ा जा चुका है।
राज्य में पारदर्शी सुशासन व समयबद्ध सेवाएं प्रदान करने के लिए बड़े पैमाने पर ई-सेवाएं शुरू की गई हैं। इससे भ्रष्टाचार पर तो चोट हुई ही है, जनता को तत्पर सेवाएं प्रदान करने में भी सफलता मिल रही है। ई-गवर्नेंस के जरिए गुड गवर्नेंस प्रदान करने के लिए प्रदेश में लगभग 350 ई-सेवाएं शुरू की जा चुकी हैं जिनकी संख्या इसी साल अप्रैल मास में 380 हो जाएगी।
स्वच्छ भारत अभियान में भी अग्रणी भूमिका निभाते हरियाणा राज्य खुले में शौच से मुक्त हो गया है। इससे पहले यह प्रदेश कैरोसिन मुक्त हो चुका है। सन् 2022 तक प्रधानमंत्री के हर परिवार का अपना घर होने के सपने के अनुरूप गरीबों के लिए फ्लैट्स और मकान बनाने का काम प्रगति पर है। हरियाणा के किसानों ने दूध व खाद्यान्न उत्पादन में नए रिकार्ड बनाए हैं। सरकार सन् 2022 तक उनकी आय दोगुणा करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में दूध व खाद्यान्न के अलावा सब्जी उगाने वाले किसानों का लाभ तय करने के लिए भावांतर भरपाई स्कीम लागू की गई है। हरियाणा आज आटोमोबाइल, आईटी और अन्य उद्योगों का बड़ा केन्द्र है। यहां आधुनिक शिक्षा के विश्वस्तरीय संस्थान भी खुल चुके हैं। इस छोटे से राज्य में 48 विश्वविद्यालय हैं जिनमें नया खुला विश्वकर्मा कौशल विकास विश्वविद्यालय शामिल है।
खेल के क्षेत्र में विश्व पटल पर मनवाया अपना लोहा
हरियाणा राज्य के खिलाड़ियों ने विभिन्न अन्तर्राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया है। हमें गर्व है कि हमारे बेटों और बेटियों ने ओलम्पिक, राष्ट्रमंडल, एशियाई खेलों और अन्य अन्तर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपनी दक्षता, दमखम, शारीरिक क्षमता और मानसिक दृढ़ता का लोहा मनवाया है।
पीटी शो व सांस्कृतिक कार्यक्रम ने लोगों को किया मुग्ध
इस अवसर पर पुलिस अकादमी मधुबन के 430 जवानों ने सामूहिक पी.टी. शो, 2 महिला जवानों सहित तीन जवानों ने योग प्रदर्शन तथा डॉग स्क्वायड ने डॉग शो का शानदार प्रदर्शन किया। नौ विद्यालयों के 1000 विद्यार्थियों ने सामूहिक पी.टी. शो और अलग-अलग विद्यालयों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस अवसर पर विभिन्न विभागों की उपलब्धियों पर आधारित 12 झांकियां निकाली गई। इनमें से शिक्षा विभाग की झांकी ने प्रथम, स्वास्थ्य विभाग की झांकी ने द्वितीय और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की झांकी ने तृतीय स्थान हासिल किया। मार्च पास्ट में पुलिस अकादमी मधुबन की महिला पुलिस की टुकड़ी ने प्रथम, राजकीय रेलवे महिला पुलिस की टुकड़ी ने द्वितीय और जिला पुलिस की टुकड़ी ने तृतीय स्थान हासिल किया।

 

image
COPYRIGHT @ 2016 DESHWANI. ALL RIGHT RESERVED.DESIGN & DEVELOPED BY: 4C PLUS