राज्य
केजरीवाल अपने विधायकों को पढ़ाएं संसदीय मार्यादा का पाठ : भाजपा
By Deshwani | Publish Date: 12/1/2018 6:58:46 PMनई दिल्ली, (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली प्रदेश इकाई ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से आम आदमी पार्टी (आआप) विधायक अल्का लाम्बा के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग करते हुए कहा कि रेडियो विज्ञापन के माध्यम बच्चों को संस्कार देने के बजाए वह अपने विधायकों को संसदीय मार्यादा एवं भाषा का पाठ पढ़ाएं।
दिल्ली भाजपा के प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने शुक्रवार को कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अपनी पार्टी की विधायक अल्का लाम्बा द्वारा पुरानी दिल्ली के एक आरडब्ल्यूए अध्यक्ष रियाज़ मलिक को धमकी दिए जाने के मामले में लाम्बा के विरूद्ध कार्यवाही करें। कपूर ने कहा कि आजकल दिनभर एक रेडियो विज्ञापन में मुख्यमंत्री केजरीवाल दिल्ली के नागरिकों को अपने बच्चों को अच्छे संस्कार देने का संदेश देते हैं पर यह दुखद है कि उन्हें अपनी विधायक अल्का लाम्बा से जुड़े बार-बार होने वाले विवाद दिखाई नहीं देते। बेहतर होगा कि दिल्ली के लोगों को अपने बच्चों को अच्छे संस्कार के संदेश देने से पहले मुख्यमंत्री केजरीवाल अपनी विधायक अल्का लाम्बा एवं अन्य साथियों को संसदीय मर्यादा एवं भाषा का उपयोग करने का संदेश दें।