राज्य
मिशन इंद्रधनुष: सीमावर्ती गांवों में 950 बच्चों का किया गया टीकाकरण
By Deshwani | Publish Date: 11/1/2018 11:41:12 AMरीवा, (हि.स.)। बच्चों को सात जानलेवा रोगों से बचाने के लिए पांच टीके लगाये जाते हैं। रीवा जिले में बच्चों का सम्पूर्ण टीकाकरण करने के लिए मिशन इन्द्रधनुष के तहत चिन्हित गांवों में सघन टीकाकरण किया जा रहा है। जिन गांवों में नियमित टीकाकरण में कठिनाई आती है, उन पर इस अभियान में विशेष ध्यान केन्द्रित किया गया है। कलेक्टर प्रीति मैथिल के मार्गदर्शन में जिले के सीमावर्ती गांवों में अभियान चलाकर एक ही दिन में 950 बच्चों का टीकाकरण किया गया। अभियान के दौरान दुर्गम तथा दस्यु प्रभावित क्षेत्र के ककरेड़ी, मैनहा, रगौली, बम्हनी तथा घड़ीहा गांवों में 1150 घरों का घर-घर सर्वेक्षण कर के टीकाकरण से वंचित बच्चों का टीकाकरण किया गया।
इस संबंध में जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. ए के अग्निहोत्री ने गुरुवार को बताया कि सीमावर्ती क्षेत्र के गांव में शिशुओं तथा गर्भवती माताओं को स्वास्थ्य सुविधाएं देना बड़ी चुनौती है। दुर्गम क्षेत्रों में बसाहटें दूर-दूर हैं। इन क्षेत्रों में टीकाकरण का विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान 1400 ओ आर एस के पैकेट वितरित किये गये। घर-घर जाकर 850 बच्चों को विटामिन ए का घोल पिलाया गया। अभियान में जांच के दौरान दस बच्चे खून की कमी से पीडि़त मिले। इन्हें आयरन सीरप दी गयी। इनमें से पांच कम पोषित तथा कम वजन के बच्चों को पोषण पुनर्वास केन्द्र में भर्ती कराया गया। निमोनिया तथा डायरिया से पीडि़त तीन-तीन बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सेमरिया में भर्ती करके उपचार की सुविधा दी गयी।
जिला टीकाकरण अधिकारी ने बताया कि अभियान के दौरान किये गये सर्वेक्षण में 75 ऐसे बच्चे मिले जिन्हें पूरे टीके नहीं लगाये गये थे। इसी तरह 14 गर्भवती महिलाएं भी टीकाकरण से वंचित पायी गयीं। इन सबको उचित टीके लगाये गये।