राज्य
बसंत पंचमी पर होगा सामूहिक विवाह सम्मेलन
By Deshwani | Publish Date: 11/1/2018 11:00:28 AMनीमच, (हि.स.)। आगामी 22 जनवरी को बसंत पंचमी के अवसर पर म.प्र. प्रशासन सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण विभाग के निर्देशानुसार प्रत्येक निकाय स्तर पर मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह सहायता योजनांतर्गत सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा जिला स्तर पर भी पात्र दिव्यांगजनों का भी सामूहिक विवाह सम्मेलन भी होगा।
म.प्र. शासन सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण विभाग मंत्रालय भोपाल के निर्देशानुसार विवाह स्थल पर कन्या को 17 हजार रूपये गृहस्थी की स्थापना हेतु और 3 हजार रूपये स्मार्ट फोन क्रय करने हेतु, इस प्रकार कुल 20 हजार रूपये का चैक दिया जावेगा तथा 5 हजार रूपये की गृहस्थी की सामग्री एवं 3 हजार विवाह आयोजन प्रतिपूर्ति हेतु इस प्रकार कुल 28 हजार प्रति कन्या के मान से सहायता दी जाएगी। उक्त सामूहिक विवाह सम्मेलन में जिले के समस्त ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र की पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने हेतु 500 का लक्ष्य सौंपा गया है। जनपद पंचायत नीमच, जावद एवं मनासा को 60-60 कन्याओं के विवाह, मुख्य नगरपालिका अधिकारी, नगरपालिका परिषद नीमच को 50, जीरन, मनासा, कुकडेश्वर, रामपुरा, जावद, डिकेन, रतनगढ, सिंगोली, अठाना, नयागांव, सरवानिया महाराज को 25-25 कन्याओं के विवाह का लक्ष्य दिया गया है।