राज्य
मुंबई-आगरा मार्ग पर पुलिस ने 25 रायफल के साथ बड़े पैमाने पर किया हथियार बरामद
By Deshwani | Publish Date: 15/12/2017 10:40:53 AMमुंबई, (हि.स.)। नाशिक जिले के मनमाड में मुंबई-आगरा मार्ग पर चांदवड के समीप मंगरूल टोल नाके पर गुरुवार की रात में पुलिस ने मुंबई की ओर आने वाली बोलेरो गाड़ी से 25 रायफल के साथ बड़े पैमाने पर हथियार बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार की रात में मालेगांव के वाके शिवारा में बोलेरो सवार अराजक तत्वों ने पेट्रोलपंप पर डीजल भरा और बंदूक की नोक पर पैसा न देते हुए वहां से चल दिए। इसके बाद पेट्रोल पंप चालक ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुंबई-आगरा मार्ग पर घेराबंदी करते हुए चांदवड के समीप मंगरूल टोल नाके पर बोलेरो गाड़ी को रोक लिया और जब उसकी तलाशी ली तो पुलिस को उसमें 25 रायफल, 17 रिवालवर, दो विदेशी पिस्तौल और तकरीबन 4146 जिंदा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस ने बड़े पैमाने पर हथियारों की बरामदगी के साथ ही तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने तलाशी के दौरान पाया कि बड़े पैमाने पर हथियारों को छुपाने के लिए गाड़ी में गुप्त स्थान बनाए गए हैं। हथियारों को कहां ले जाया जा रहा था और उसका उद्देश्य क्या था, इसकी तह तक पुलिस पहुंच नहीं पाई है। पर वह पूछताछ के जरिए जानकारी हासिल करने के लिए प्रयासरत है। गिरफ्तार तीनों लोगों को पुलिस न्यायालय में पेश करके पुलिस हिरासत की मांग करेगी, जिससे मामले की तह तक पहुंचा जा सके।