राज्य
रेलवे स्टेशनों के निकट शौच करते 61 लोग गिरफ्तार
By Deshwani | Publish Date: 13/12/2017 6:47:38 PMलखनऊ, (हि.स.)। लखनऊ में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने 61 लोगों को गोमती नगर और डालीगंज रेलवे स्टेशनों के निकट शौच करते गिरफ्तार किया। रेलवे सुरक्षा बल ने इन लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर रेलवे मजिस्ट्रेट के सम्मुख पेश किया।
रेलवे सुरक्षा बल ने लखनऊ में स्टेशनों पर, पटरियों और आस पास शौच करने वाले लोगों को कई बार पकड़ा और चेतावनी देकर छोड़ा। इसके बावजूद कुछ लोग कभी नहीं माने और गंदगी फैलाते रहे। बुधवार को लखनऊ सिटी की रेलवे सुरक्षा बल ने भोर से सुबह दस बजे तक शौच कर रहे लोगों को पकड़ना शुरू किया और कुल 61 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। इसमें 24 लोगों को डालीगंज रेलवे स्टेशन और शेष को गोमती नगर रेलवे स्टेशन के निकट से हिरासत में लिया गया है।
लखनऊ सिटी के रेलवे सुरक्षा बल के प्रभारी निरीक्षक अमरनाथ ने हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि रेलवे की सम्पत्ति को गंदा करने वाले लोगों को कई बार चेतावनी दी और कई बार तो माला पहनाकर छोड़ दिया गया। इस मामले में सख्ती दिखाते हुए आज 61 लोगों को गिरफ्तार किया गया और उनके खिलाफ धारा 145 और 147 रेलवे अधिनियिम के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया हैं।
— शौच करते कुछ लोग मौके से भाग निकले
प्रभारी निरीक्षक अमरनाथ व उनकी टीम को देखकर सुबह शौच कर रहे कुछ लोग मौके से भाग निकले। उनका पीछा करते हुए केन्द्रीय रेलवे पुलिस ने कुछ दूरी तक दौड़ाया लेकिन वे हाथ नहीं आये।