राज्य
लखनऊ से शारजाह सहित कई राज्यों के लिए सीधी उड़ान जल्द
By Deshwani | Publish Date: 12/12/2017 1:26:50 PMलखनऊ, (हि.स.)। लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से शारजाह सहित कई राज्यों के लिए सीधी उड़ान जल्द शुरू होने जा रही है।
इंडिगो के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि शारजाह सहित जम्मू और रायपुर के लिए सीधी विमान सेवा 29 दिसम्बर से शुरू होने जा रही है। एयरपोर्ट अथॉरिटी और डीजीसीए से इन उड़ानों को मंजूरी मिल गई है।
उन्होंने बताया कि लखनऊ से जम्मू के लिए उड़ान सुबह 7:10 बजे रवाना होगी। यह 8:45 बजे जम्मू उतरेगी। रायपुर के लिए विमान 4:10 बजे शाम को उड़ान भरेगी जो 5:00 बजे रायपुर पहुंचेगी। फिलहाल जम्मू के टिकट का मूल्य 4,201 और रायपुर का 3,301 रुपए चल रहा है। दोनों उड़ानें इंडिगो की हैं।
अधिकारी ने बताया कि जम्मू के लिए रोजाना 6ई 576 उड़ान भरेगी। इसी तरह रायपुर के लिए 6ई 588 उड़ान भरेगी। आने वाले समय में जम्मू की उड़ान को श्रीनगर से भी जोड़े जाने की योजना है। उन्होंने बताया कि इसके लिए आवेदन किया गया है लेकिन एयरपोर्ट अथॉरिटी से इसके लिए मंजूरी मिलनी बाकी है। अधिकारी ने बताया शारजाह के लिए अन्तरराष्ट्रीय उड़ान 6ई 1407 लखनऊ से शारजाह तक चार घंटा 20 मिनट का समय लेगी। इसके पूर्व एयर इंडिया की उड़ान शारजाह जाती थी जिसे तकनीकी कारणों से कुछ समय पहले बंद कर दिया गया था। लखनऊ से जम्मू की उड़ान एक घंटा 35 मिनट और रायपुर की एक घंटा 20 मिनट समय लेगी। विमानन कंपनी ने इन उड़ानों के लिए छोटे विमानों (एटीआर) को चुना है।