राज्य
शालीमार बाग स्थित मैक्स अस्पताल का लाइसेंस रद्द
By Deshwani | Publish Date: 8/12/2017 4:37:54 PMनई दिल्ली, (हि.स.)। दिल्ली सरकार ने नवजात जुड़वा शिशुओं को मृत घोषित करने वाले राजधानी के शालीमार बाग स्थित मैक्स अस्पताल का लाइसेंस रद्द कर दिया है।
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सतेन्द्र जैन ने कहा कि यह गंभीर लापरवाही का मामला है तथा इसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि यह पहली बार नहीं है कि इस अस्पताल में इस तरह की लापरवाही बरती गई है। अस्पताल में पूर्व में भी ऐसी लापरवाही बरती गई थी। दिल्ली सरकार तत्काल प्रभाव से अस्पताल का लाइसेंस रद्द कर रही है।
उल्लेखनीय है कि पिछले सप्ताह एक महिला ने इस अस्पताल में जुड़वा बच्चों को जन्म दिया था। इनमें एक बालक और एक बालिका थी। डॉक्टरों ने इन शिशुओं को मृत घोषित कर परिवार वालों को सौंप दिया था। अंत्येष्टि के लिए ले जाते समय इनमें से बालक में जीवन के लक्षण दिखाई दिए। इसके बाद बालक को एक अन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां बुधवार को उसकी मौत हो गई।
पुलिक ने इस घटना के संबंध में अस्पताल के अधिकारियों के खिलाफ भारतीय दण्ड संहिता(आईपीसी) की धारा 304 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने अस्पताल और चिकित्सकों से पूछताछ भी की है।