राज्य
उत्तर रेलवे पटरियों की पेट्रोलिंग की व्यवस्था को जल्द करेगा पुख्ता
By Deshwani | Publish Date: 7/12/2017 1:21:53 PMलखनऊ, (हि.स.)। उत्तर रेलवे राजधानी लखनऊ के बादशाहनगर से डालीगंज स्टेशन के बीच पेंड्रोल और स्लीपर की फीटिंग खोलने के बाद अब पटरियों पर पेट्रोलिंग की व्यवस्था को जल्द ही पुख्ता करेगा। इसके लिए तैयारियां तेजी से शुरू कर दी गई हैं।
लखनऊ मंडल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने गुरूवार को बताया कि उत्तर रेलवे पटरियों पर पेट्रोलिंग की व्यवस्था को जल्द ही पुख्ता करेगा। इसके लिए तैयारियां तेजी से शुरू कर दी गई हैं। उन्होंने बताया कि अब ट्रैकमैन के साथ पेट्रोलिंग पर आरपीएफ जवानों को भी लगाया जाएगा। उनके साथ जीआरपी भी पूरा सहयोग करेगी।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2015 में राजधानी के मोहनलालगंज में पटरी काटे जाने की घटना के समय भी आरपीएफ जवानों को पेट्रोलिंग पर लगाया गया था। यह व्यवस्था कुछ दिन बाद ही समाप्त हो गई। अधिकारी ने बताया कि ट्रैकमैन पटरियों की निगरानी करेंगे, जबकि आरपीएफ आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेगी। यह व्यवस्था लखनऊ-मल्हौर, लखनऊ-उतरेटिया, लखनऊ-उन्नाव और उतरेटिया-आलमनगर रेलखंड पर लागू की जाएगी।
गौरतलब है कि डालीगंज-बादशाहनगर रेलखंड पर पेंड्रोल क्लिप और स्लीपर की फीटिंग निकलाने की साजिश के मामले में सुरक्षाबलों के हाथ में अब तक कोई सुराग नहीं आया है।