राज्य
निजी स्कूलों की तरह निजी अस्पतालों पर भी लगाम लगाएंगे : केजरीवाल
By Deshwani | Publish Date: 5/12/2017 3:52:32 PMनई दिल्ली, (हि.स.)। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के अनुसार दिल्ली सरकार निजी स्कूलों की तरह निजी अस्पतालों पर भी लगाम लगाएगी। दिल्लीवासियों की मुस्कान बनाए रखने के मकसद से मौलाना आज़ाद इंस्टीट्यूट ऑफ़ डेंटल साइंसेज की ओर से राजधानी में डेंटल हेल्थ उत्सव आयोजित किया गया है। इसका उद्घाटन मुख्यमंत्री केजरीवाल ने किया| इसी दौरान उन्होंने ये कहा।
केजरीवाल ने मंगलवार को स्वास्थ्य मेले में पहुंचकर मेले का जायजा लिया और कहा, ‘पांच दिन के इस मेले में दांतों से संबंधित सभी बीमारियों का इलाज किया जाएगा। निजी सर्वे के अनुसार पिछले सात साल से ‘मौलाना आज़ाद इंस्टीट्यूट ऑफ़ डेंटल साइंसेज’ प्रथम स्थान पर रहा है। आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार दिल्ली में आने के बाद से पिछले तीन साल में दिल्ली स्वास्थ्य और शिक्षा में आगे रही है। जितना ज्यादा जनता स्वस्थ और शिक्षित होगी उतना ही राज्य का विकास होगा। पहले केंद्र और राज्य सरकारों में ऐसी हवा चल रही थी कि सभी सरकारी स्कूल और अस्पतालों का निजीकरण किया जाए क्योंकि सरकारें इन पर ध्यान नहीं देती थी, नजरअंदाज करती रही हैं। पिछले 2 साल के अंदर जितना पैसा हमने स्वास्थ्य और शिक्षा में लगाया। इससे पहले दिल्ली में कभी नहीं लगाया गया| सरकार बदली, मंत्री बदले, बाकी सभी प्रशासनिक अधिकारी वही हैं। इन लोगों ने बहुत सहयोग किया और दिल्ली स्वास्थ्य-शिक्षा में बदल गई। मोहल्ला-क्लीनिक और पॉली-क्लीनिक अपने आप में एक मॉडल बन गए हैं। हमें प्राइवेट सेक्टर को बंद नहीं करना बल्कि सरकारी अस्पतालों और स्कूलों को निजी से बेहतर बनाना है। अब निजी स्कूल की तरह प्राइवेट अस्पतालों पर भी दिल्ली सरकार लगाम लगाने पर काम करेगी। उन्हें एक कानूनी फ्रेम वर्क के अंदर में लाने पर काम किया जा रहा है।‘