राज्य
निकाय चुनाव: मतगणना की तैयारी अन्तिम दौर में
By Deshwani | Publish Date: 29/11/2017 2:05:12 PMवाराणसी, (हि.स.)। नगरीय निकाय चुनाव में मतगणना की प्रशासनिक तैयारियां जोर शोर से चल रही है। पहड़िया मंडी में मतगणना स्थल पर सुरक्षा की व्यापक व्यवस्था के साथ बैरिकेडिंग का कार्य बुधवार को युद्ध स्तर पर चलता रहा। वहीं मेयर और पार्षद प्रत्याशियों सहित उनके काउंटिंग एजेंट का पास भी संबंधित रिटर्निग अफसर ने जारी किया। साथ ही मतगणना टेबल भी लगाया जा रहा था। तैयारियों पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी नगर निकाय मुनीन्द्र नाथ उपाध्याय और बराबर नजर रख रहे थे। उनके साथ निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी भी मौजूद थे।
नगर निगम के महापौर, पार्षद, रामनगर पालिका परिषद के अध्यक्ष, वार्ड सदस्य व गंगापुर नगर पंचायत के अध्यक्ष व वार्ड सदस्य के मतों की गिनती पहड़िया मंडी में एक दिसम्बर को होगी। मतगणना के लिए बने प्रत्येक टेबल पर एक प्रत्याशी, मतदान व मतगणना एजेंट को उपस्थित रहने की छूट होगी। मतगणना वाले दिन सिर्फ पास धारकों को ही मंडी परिसर के अंदर प्रवेश दिया जाएगा। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी राजाराम वर्मा के अनुसार मतगणना के लिए नगर निगम के महापौर, पार्षद, रामनगर पालिका परिषद व गंगापुर नगर पंचायत के लिए अलग- अलग व्यवस्था की जाएगी। मतगणना के लिए कुल 98 टीमें बनायी गयी है। नगर निगम के महापौर व पार्षद पद के वोटों की गिनती के लिए चार कर्मचारियों को लगाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इसमें कुल 284 कर्मचारियों की डय़ूटी लगायी गयी है। इसके अतिरिक्त 10 प्रतिशत कर्मचारियों को रिजर्व रखा गया है। जिनका उपयोग जरूरत पड़ने पर किया जाएगा। बताया कि रामनगर पालिका परिषद के अध्यक्ष व वार्ड सदस्य तथा गंगापुर नगर पंचायत अध्यक्ष व वार्ड सदस्य पद के बैलेट पेपर से पड़े वोटों की गिनती को 27 टीमें लगायी गयी हैं। 10 प्रतिशत टीमों को रिजर्व रखा गया है।