राज्य
सांसद रतनलाल की पुत्री को राष्ट्रपति कोविंद ने दिया आशीर्वाद
By Deshwani | Publish Date: 25/11/2017 1:59:23 PMअम्बाला, (हि.स.)। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शनिवार को अम्बाला के सांसद रतनलाल कटारिया के यहां आयोजित वैवाहिक कार्यक्रम में भाग लिया। राष्ट्रपति का विमान अम्बाला छावनी स्थित वायु सेना के हवाई अड्डे पर उतरा। उसके बाद वह सड़क मार्ग से ड्राइव ईन 22 में आयोजित भाजपा सांसद की पुत्री दिव्या के वैवाहिक कार्यक्रम में भाग लेने गए।
इसके बाद वह कुरुक्षेत्र रवाना हो गए। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के अम्बाला दौरे से सम्बन्धित सुरक्षा व अन्य प्रबन्धों का कड़ा प्रबंध था। वायुसेना स्टेशन अम्बाला छावनी से शादी स्थल ड्राइव ईन 22 तक के उस मार्ग तक सुरक्षाकर्मी तैनात थे। जहां से राष्ट्रपति का काफिला गुजरा। इस पूरे क्षेत्र में सफाई व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, सुरक्षा बंदोबस्त, प्राथमिक चिकित्सा सुविधा सहित अन्य प्रबन्ध किए गए थे।