राज्य
बर्फबारी से पर्यटक स्थलों पर पहुंचने लगे पर्यटक
By Deshwani | Publish Date: 24/11/2017 12:17:47 PMशिमला, (हि.स.)। हिमाचल में बीते दिनों हुई बर्फबारी ने पर्यटन कारोबार में उछाल आया है। नवम्बर महीने के तीसरे और चौथे सप्ताह में हुई बर्फबारी से व्हाइट क्रिसमस और न्यू ईयर में बर्फबारी होने की संभावना बन गई है। प्रदेश के पर्यटन कारोबारियों को दिसम्बर महीने में सैलानियों सहित हनीमून कपल के आने की ज्यादा उम्मीद है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने भी प्रदेश में दिसम्बर के पहले हफ्ते में दोबारा बर्फबारी होने का पूर्वानुमान जताया है। प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों मनाली, रोहतांग सहित केलांग, कल्पा में बीते दिनों हुई बर्फबारी से कारोबारी खासे उत्साहित हैं। राजधानी शिमला में हालांकि अभी मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन मौसम विभाग के मुताबिक दिसम्बर के पहले हफ्ते में शिमला सहित कई जगह बर्फबारी होने की संभावना है।
राजधानी शिमला के अधिकांश होटलों में दिसम्बर माह के आखिरी हफ्ते के लिए एडवांस में कमरों की बुकिंग हो चुकी है। सैलानियों ने क्रिसमस से लेकर पहली जनवरी तक होटलों में कमरे बुक करवा लिए हैं। होटल एसोसिएशन मनाली के अध्यक्ष विजेंद्र ठाकुर ने बताया कि बीते दिनों हुई बर्फबारी के चलते अभी होटलों में 60 से 70 फीसदी तक ऑक्यूपेंसी हो गई है। क्रिसमस के दौरान कारोबार में और उछाल आएगा।
साल 2016 में राजधानी शिमला में 25 साल बाद क्रिसमस पर बर्फबारी हुई थी। 2016 से पहले 1991 में 25 दिसम्बर को बर्फ गिरी थी। बीते साल 25 दिसम्बर से 31 दिसम्बर तक कई बार शिमला, मनाली में बर्फबारी हुई थी।