राज्य
मुख्यमंत्री ने इज्तिमा आयोजन स्थल का निरीक्षण किया, बेहतर प्रबंध के दिये निर्देश
By Deshwani | Publish Date: 23/11/2017 10:50:42 AMभोपाल, (हि.स.)। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने बुधवार देर शाम को ईटखेड़ी पहुँचकर तब्लीगी इज्तिमा आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने आयोजन संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तब्लीगी इज्तिमा आयोजन के लिये बेहतर प्रबंध सुनिश्चित किये जायें। इसमें शामिल होने वाले जन-समूह की जरूरतों का ध्यान रखा जाये। आवागमन के समुचित प्रबंध किये जायें। यातायात और पार्किंग की सुगम व्यवस्था हो। पेयजल, साफ-सफाई, विद्युत, चिकित्सा की बेहतर व्यवस्थायें हों। सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रहे। उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्थायें की जायें कि आने वाले लोग भोपाल की अच्छी यादें लेकर जायें। आयोजन के दौरान काम करने वाले वाहन चालकों को बेहतर व्यवहार का प्रशिक्षण दिया जाये।
इस अवसर पर बताया गया कि आयोजन समिति द्वारा यातायात व्यवस्था में दो हजार वालेन्टियरों का सहयोग लिया जायेगा। इज्तिमा का आयोजन 25 से 27 नवम्बर तक होगा। इसमें लगभग 15 लाख लोगों की आने की संभावना है। करीब 352 एकड़ में यह आयोजन होगा। करीब 3 लाख लोगों के ठहरने के लिये साठ एकड़ में पण्डाल लगाये गये हैं। पेयजल के लिये 32 ट्यूव-बेल, 400 पानी की टंकी और साढ़े सात हजार नल कनेक्शन की व्यवस्था की गई है। साढ़े तीन हजार अस्थाई शौचालय बनाये गये हैं। पाँच फायर ब्रिगेड, पाँच एम्बुलेंस तथा अस्थाई अस्पताल की व्यवस्था की गई है। दो अस्थाई मोबाइल टॉवर लगाये गये हैं। पार्किंग के लिये 35 पार्किंग स्थल बनाये गये हैं। आयोजन स्थल पर कन्ट्रोल रूम बनाया गया है। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक विष्णु खत्री, वक्फ बोर्ड के चेयरमेन शौकत मोहम्मद खान, आयोजन समिति के आरिफ गौहर तथा संभागायुक्त अजातशत्रु, महानिरीक्षक पुलिस जयदीप प्रसाद, कलेक्टर सुदाम खाड़े और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।