राज्य
साक्षी महाराज का नाम मतदाता सूची से गायब
By Deshwani | Publish Date: 22/11/2017 12:06:44 PMलखनऊ, (हि.स.)। उन्नाव से भाजपा सांसद साक्षी महाराज का नाम नगर निकाय चुनाव की मतदाता सूची से गायब है। आगरा नगर निगम क्षेत्र से भी भारी संख्या में मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में न होने की बात सामने आ रही है।
उन्नाव से मिली जानकारी के अनुसार वहां के सांसद साक्षी महाराज का नाम मतदाता सूची में नहीं है। सांसद ने इसके लिए स्थानीय अधिकारियों पर साजिश का आरोप लगाया है।
आगरा से खबर आ रही है कि वहां जज कंपाउंड और आजमपाड़ा इलाके के 1500 से अधिक मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से गायब हैं। इसके चलते लोगों ने वहां जमकर हंगामा किया। कई मतदाताओं का कहना है कि राज्य निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर उनके नाम दिख रहे हैं, लेकिन बूथ पर भेजी गई सूची से नाम गायब हैं।
उधर, अमेठी के बूथ संख्या छह व नौ पर मतदाताओं की संख्या अधिक होना बताया जा रहा है। कुछ लोगों का कहना था कि इन बूथों पर मतदाताओं की संख्या जितनी होनी चाहिए उससे दोगुनी है। जानकारी होने पर जिले के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गये हैं और मामले को शांत कराने में लगे हुए हैं।