राज्य
कांग्रेस में आंतरिक लोकतंत्र का गला घोंटकर राहुल की होगी ताजपोशी : भाजपा
By Deshwani | Publish Date: 21/11/2017 3:19:13 PMलखनऊ, (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने गुजरात, हिमाचल चुनाव परिणाम आने से पहले ही राहुल गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष पद पर ताजपोशी को कांग्रेस की घबराहट बताया।
त्रिपाठी ने मंगलवार को कहा गुजरात और हिमाचल विधानसभा सहित उत्तर प्रदेश के स्थानीय निकाय चुनावों में कांग्रेस बुरी तरह हार रही है। अगर हार के बाद राहुल गांधी की ताजपोशी की जाती तो कांग्रेस में उथल-पुथल की स्थिति आ जायेगी। इसी डर से पार्टी में आंतरिक लोकतंत्र का गला घोंटकर घबराहट में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी चुनावों के परिणाम आने से पहले ही राहुल गांधी को संगठन की कमान सौंप देना चाहती हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस वंशवादी राजनीति से बाहर नहीं निकल पा रही है। राहुल गांधी के कठोर प्रयत्नों के बाद भी कांग्रेस का ग्राफ लगातार नीचे जा रहा है। एक के बाद एक राज्य कांग्रेस मुक्त होते जा रहे हैं। राहुल गांधी अपने बयानों से कांग्रेसजनों को असहज कर देते हैं, उनमें राजनैतिक परिपक्वता नहीं है। कहा कि कांग्रेस ने राहुल गांधी के संसदीय निर्वाचन क्षेत्र अमेठी में निकाय चुनाव में हार के डर से प्रत्याशी नहीं उतारे हैं।