राज्य
सागरमाला परियोजना के तहत ससून डॉक का होगा विकास व कायापलट: संजय भाटिया
By Deshwani | Publish Date: 18/11/2017 3:42:51 PMमुंबई, (हि.स.)। केंद्र सरकार द्वारा घोषित सागरमाला परियोजना के तहत ससून डॉक का विकास व कायापलट होगा। मुंबई पोर्ट ट्रस्ट के अध्यक्ष संजय भाटिया ने ससून डॉक पर शुरू स्ट्रीट आर्ट प्रदर्शनी के दौरान विकास के बारे में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उपरोक्त बातें कही हैं।
गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने सागरमाला परियोजना में बंदरगाहों के विकास, उसके आधुनिकीकरण, बंदरगाह के अन्य मार्गों को सुयोग्य व संपर्कशील बनाने के कार्य को गति देना है। कोस्टल इकोनॉमिक जोन तैयार करने और मच्छीमार केंद्र का विकास करने की योजना सागरमाला परियोजना के तहत सुनिश्चित की गई है। इसी क्रम में ससून डॉक पर शुरू स्ट्रीट आर्ट प्रदर्शनी के दौरान विकास के बारे में पत्रकारों से चर्चा करते हुए मुंबई पोर्ट ट्रस्ट के अध्यक्ष संजय भाटिया ने कहा कि ससून डॉक के विकास का प्रारुप तैयार कर लिया गया है। विकास के पहले चरण में ससून डॉक में स्वच्छता, यातायात नियोजन और पीने के पानी की व्यवस्था की जानी है। उसके बाद 52 करोड़ रुपये की व्यवस्था करके नए ससून डॉक में स्वच्छता, आधुनिक उपकरण, मच्छी नीलामी की जगह, बर्फ रखने की जगह के साथ पीने के पानी की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। इसी के साथ कोली लोगों की व्यंजनकला लोगों को समझाने के लिए कोली महोत्सव, एग्रो टूरिज्म की धरती पर मत्स्य पर्यटन परियोजना का शुभारंभ किया जाएगा।