राज्य
आईआरसीटीसी का थाईलैंड टूर 22 दिसम्बर को लखनऊ से होगा रवाना
By Deshwani | Publish Date: 18/11/2017 12:56:04 PMलखनऊ, (हि.स.)। भारतीय रेलवे पर्यटन एवं खानपान निगम (आईआरसीटीसी) अगले महीने से थाईलैंड की सैर कराएगा। पांच दिन और छह रातों का ये टूर 22 दिसम्बर को लखनऊ से रवाना होगा।
आईआरसीटीसी के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अश्वनी श्रीवास्तव ने शनिवार को बताया कि इस टूर पैकेज में लोगों को थाईलैंड के सभी पर्यटक स्थल घूमाए जाएंगे। इसमें पटाया में अलकजार शो, कोरल आईलैण्ड, जेस गैलरी, बैंकॉक में सिटी टूर, स्थानीय मंदिरों के दर्शन, सफारी वर्ल्ड व मरीन पार्क की सैर कराई जाएगी। यात्री 22 को लखनऊ से रवाना होंगे और 26 दिसम्बर को वापस आएंगे। इस टूर पैकेज में वीजा, तीन सितारा होटल में ठहरने व खाने की व्यवस्था और घूमना-फिरना शामिल है। पैकेज का मूल्य प्रति व्यक्ति 50 हजार 800 रूपए है। जबकि होटल के रूम में एक साथ दो व्यक्तियों के ठहरने पर पैकेज का मूल्य 44 हजार 500 रूपए होगा। टूर पैकेज की बुकिंग शुरू हो चुकी है। पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर बुकिंग की जाएगी।
उन्होंने बताया कि थाईलैंड के टूर पर जाने केे लिए यात्री आईआरसीटीसी के गोमतीनगर स्थित कार्यालय पर भी सम्पर्क कर सकते हैं।