राज्य
गोडसे के मंदिर के विरोध में कांग्रेस ने किया मौन प्रदर्शन
By Deshwani | Publish Date: 17/11/2017 2:55:27 PMइंदौर, (हि.स.)। ग्वालियर में हिंदू महासभा द्वारा नाथूराम गोडसे का मंदिर बनवाए जाने का मामला लगातार तूल पकड़ रहा है। गोडसे के मंदिर बनाए जाने पर राजनीति शुरू हो गई। कांग्रेस ने हिन्दू महासभा के इस कृत्य की कड़ी निंदा की है। शुक्रवार को कांग्रेस ने प्रदेश भर में मौन धरना देकर अपना विरोध जाहिर किया। इंदौर में कांग्रेसियों ने रीगल तिराहे स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के नीचे बैठ कर अपना विरोध दर्ज करवाया।
कांग्रेसियों ने आरोप लगाया कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की हत्या करने वाले नाथूराम का महिमामंडन कई वर्षों से भाजपाई कर रहे है। इंदौर में कांग्रेस शहर अध्यक्ष प्रमोद टंडन ने कहा कि एक तरफ देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के आदर्शों पर चलने की बात कहते है। उनके दिखाएं मार्गों का अनुसरण करने की बात करते है लेकिन दूसरी तरफ हिंदू महासभा के कार्यकर्ताओं के कृत्य पर पीएम सहित अन्य भाजपा नेताओं की चुप्पी हकीकत को बयान कर रही है। कांग्रेसियों ने प्रशासन की भूमिका को भी संदेह के घेरे में रखा है और आरोप लगाया कि प्रशासन को जानकारी दिए बिना यह कृत्य संभव नहीं है। गोडसे की मूर्ति स्थापना की निंदा करते हुए कांग्रेसियों ने संकल्प लिया कि इस कृत्य के खिलाफ कांग्रेसी अब आंदोलन चलाएंगे। इसके बाद कांग्रेसियों ने इसी मामले को लेकर संभागायुक्त कार्यालय पर राज्यपाल के नाम ज्ञापन भी सौंपा।