राज्य
मेहमान साइबेरियन पक्षी पहुंचने लगे गंगतीर, घाट हुए गुलजार
By Deshwani | Publish Date: 17/11/2017 2:35:01 PMवाराणसी, (हि.स.)। सर्दियों का मौसम शुरू होते ही हजारों मिल की दूरी तय कर गंगा तट पर साइबेरियन पक्षी पहुंचने लगे हैं। लगभग एक महीने की लम्बी यात्रा कर गंगा घाट पर पहुंचे विदेशी मेहमान पक्षी गंगधार में कलरव कर अपनी खुशी जता रहे हैं। मेहमान पक्षियों के आने और घाट किनारे उनके कलरव से सुबह-ए-बनारस का नजारा और भी खुशनुमा हो गया है। देशी-विदेशी सैलानी गंगाघाट पर घूमने के साथ नाव पर भी सवार होकर इन पक्षियों को दाना चुगाते हैं। सुबह शाम इन पक्षियों की गंगधार में कलरव और अठखेलियां देखने के लिए स्थानीय नागरिक भी घाटों पर पहुंच रहे हैं। घाट पर विदेशी सैलानियों के साथ स्थानीय युवा भी कैमरे और अपने मोबाइल से इन पक्षियों के साथ सेल्फी लेकर खुशियां जता रहे हैं।
गौरतलब हो कि साइबेरिन पक्षी सर्दियों का मौसम शुरू होते ही लगभग एक माह पूर्व से हजारों किमी. की दूरी तय कर गंगा तट पर पहुंचने लगते हैं। लगभग 3 माह प्रवास तक यहां प्रवास करने के बाद फरवरी माह के मध्य से लौटने लगते हैं। इस दौरान विदेशी मेहमान पक्षी यहां प्रजनन के होने बाद बच्चों के साथ लौटते हैं। पक्षियों और उनके बच्चों के कलरव से गंगाघाट गुलजार रहता है।