राज्य
लखनऊ मंडल से गुजरने वाली 191 ट्रेनों में एंटी फॉग डिवाइस लगना शुरू
By Deshwani | Publish Date: 16/11/2017 12:49:49 PMलखनऊ, (हि.स.)। रेलवे ने लखनऊ मंडल से गुजरने वाली 191 प्रमुख ट्रेनों में एंटी फॉग डिवाइस लगाना शुरू कर दिया है। चारबाग स्थित क्रू एंड गार्ड लॉबी में ये डिवाइस उपलब्ध करा दी गई है। कोहरे की जानकारी के साथ ये डिवाइस लोको पायलट को अगले सिग्नल की जानकारी भी देगी।
लखनऊ मंडल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने गुरूवार को बताया कि रेलवे ट्रैक पर पड़ रहा कोहरा ट्रेनों की चाल बिगाड़े रहा है। इसलिए लखनऊ मंडल से गुजरने वाली 191 प्रमुख ट्रेनों में एंटी फॉग डिवाइस लगाई जा रही है। राजधानी के चारबाग स्थित क्रू एंड गार्ड लॉबी में ये डिवाइस उपलब्ध करा दी गई है। कोहरे के साथ ये डिवाइस लोको पायलट को अगले सिग्नल की जानकारी भी देगी।
अधिकारी ने बताया कि क्रू एंड गार्ड लॉबी से जब लोको पायलट की ड्यूटी ट्रेन में लगाई जाती है। उसी समय ये एंटी फॉग डिवाइस भी लोको पायलट को दे जाती है। ड्यूटी समाप्त होने पर लोको पायलट डिवाइस को लॉबी में जमा करा देता है। जिसे बाद में दूसरे लोको पायलट को दिया जाता है। लॉबी को करीब 191 एंटी फॉग डिवाइस दी गई है। जो लखनऊ से गुजरने वाली ट्रेनों के लिए पर्याप्त है।
उन्होंने बताया कि एंटी फॉग डिवाइस के जरिए लोको पायलट को क्रासिंग की जानकारी भी हो जाएगी। ये डिवाइस जीपीएस सिस्टम से जुड़ी हुई है। इस डिवाइस के जरिए ट्रेनों का समय संचालन पटरी पर लाने में काफी मदद मिलेगी।