राज्य
विधानसभा चुनाव की तरह भाजपा ने निकाय चुनाव में भी संकल्प पत्र को बनाया हथियार
By Deshwani | Publish Date: 13/11/2017 12:46:48 PMवाराणसी, (हि.स.)। विधानसभा चुनाव की तरह भाजपा निकाय चुनाव में भी संकल्प पत्र के जरिये जीत के अभूतपूर्व रिकार्ड को दोहराने को संकल्पित है। पार्टी की ओर से जारी किए गए संकल्प पत्र के प्रचार के साथ इसे वार्डो में घर-घर पहुंचाने के लिए कार्यकर्ता जुट गये है।
सोमवार को विभिन्न वार्डो में अलसुबह से ही प्रचार अभियान में निकले पार्षद प्रत्याशियों ने संकल्प पत्र पर भी अपने कार्यकर्ता से चर्चा करते देखे गये। प्रत्याशी केन्द्र और प्रदेश सरकार के विकास कार्यो के आधार पर नुक्कड़ और चौराहे पर वोट मांगते रहे।
पार्टी के काशी प्रांत के प्रवक्ता संजय भारद्वाज ने बताया कि जिस प्रकार विधानसभा चुनाव से पूर्व पार्टी ने संकल्प पत्र जारी किया था। सरकार बनने के बाद संकल्प पत्र के आधार पर तेजी से काम किया गया। उसी प्रकार नगर की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए संकल्प पत्र जारी किया गया है। उधर सोशल मीडिया के बेहतर इस्तेमाल के लिए जानी जाने वाली भाजपा ने संकल्प पत्र को घर-घर पहुंचाने के लिए तेजी से काम करना शुरू कर दिया है।
भाजपा की सोशल मीडिया टीम ने संकल्प पत्र को विभिन्न वाट्सएप ग्रुपों में अपडेट करने के साथ ही फेसबुक पर भी पोस्ट करना शुरू कर दिया है। संकल्प पत्र पर लाइक व कमेंट भी आने लगे हैं। इसके अलावा संकल्प पत्र को ब्रोशर या हैंडबिल के रूप में घर-घर पहुंचाया जा रहा है।