राज्य
गारंटी भाव से खरीदी के लिए ग्रेडर नियुक्त करें राज्य सरकार- राधा मोहन सिंह
By Deshwani | Publish Date: 11/11/2017 9:00:51 PM मुंबई, (हि.स.)। महाराष्ट्र राज्य में गारंटी भाव से मूंग, उड़द व सोयाबीन की खरीदी की जा रही है। इस खरीदी का प्रमाण बढ़ाए जाने के लिए राज्य सरकार नाफेड की ओर से 150 गेडर तत्काल प्रभाव से नियुक्त किया जाना चाहिए। इस तरह का निर्देश केंद्रीय कृषि मंत्री राधामोहन सिंह ने शनिवार को मुंबई में कृषि विभाग की समीक्षा बैठक के बाद राज्य सरकार को दिया है। इस अवसर पर राज्य के कृषि मंत्री पांडुरंग फुंडकर , सहकार मंत्री सुभाष देशमुख सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
केंद्रीय कृषि मंत्री ने राज्य में हो रहे मिट्टी परीक्षण की तारीफ की और कहा कि देश में सबसे ज्यादा मिट्टी जांच के कार्ड महाराष्ट्र में बांटे गए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में 1 करोड़ 29 लाख किसानों को सॉईल हेल्थ कार्ड दिया जाना अपने आपमें समाधानकारक है। इसका लाभ किसानों को होने वाला है , इसलिए राज्य सरकार को इसे सभी किसानों तक पहुंचाने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसानों का कृषि उत्पाद को बाजार दिए जाने की व्यवस्था किया जाना जरुरी है। इसके लिए राज्य सरकार को ई मार्केटिंग की ओर विशेष ध्यान देना चाहिए।