लखनऊ, (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भैया दूज के पावन अवसर पर शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने शनिवार को ट्वीट किया, ‘‘भाई-बहिन के पवित्र रिश्ते की सनातन परम्परा का वाहक भैया दूज की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आज बहिन भाई की लम्बी आयु की प्रार्थना करती है।’’
वहीं उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ट्वीट किया, ‘‘भाई-बहन के असीम प्रेम व अटूट रिश्ते को समर्पित “भाई दूज“ के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं।’’ उन्होंने पोस्ट किया, ‘‘ रिश्ता भाई बहन का, कभी मीठा कभी खट्टा कभी रूठना कभी मनाना, कभी दोस्ती कभी झगड़ना कभी रोना कभी हंसना, यह है रिश्ता प्यार का भाई तिलक त्योहार का।’’
भाई-बहन के परस्पर प्रेम और स्नेह का प्रतीक त्योहार भैया दूज कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीय तिथि को आज पूरे देश में मनाया जा रहा है। इसे देश में अलग-अलग नामों से जाना जाता है। भैया दूज को भाऊ बीज और भातृ द्वितीया के नाम से भी जाना जाता है। इस मौके पर बहनें अपने भाई को तिलक लगाकर उनके उज्ज्वल भविष्य और उनकी लम्बी उम्र की कामना कर रही हैं।
हिन्दू धर्म में भाई-बहन के स्नेह-प्रतीक के रूप में दो त्योहार मनाये जाते हैं। पहला रक्षाबंधन जो कि श्रावण मास की पूर्णिमा को मनाया जाता है। इसमें भाई बहन की रक्षा करने की प्रतिज्ञा करता है। दूसरा त्योहार भाई दूज का होता है इसमें बहनें भाई की लम्बी आयु की प्रार्थना करती है।