मनोज तिवारी ने छठ में गाने के सिवाय पूर्वांचलियों के लिए कुछ नहीं किया : संजीव झा
नई दिल्ली, (हि.स.)। सूर्योपासना के पर्व छठ से पहले उसकी तैयारी को लेकर दिल्ली की राजनीति गरमा गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने केजरीवाल सरकार पर केवल कागजों में ही घाट तैयार करने का आरोप लगाया था। इसके जवाब में आम आदमी पार्टी के विधायक संजीव झा ने भाजपा पलटवार करते हुए कहा कि छठ पूजा के मंच पर गाना गाने के सिवाय मनोज तिवारी ने पूर्वांचलियों के लिए कुछ नहीं किया।
बुराड़ी से आप विधायक संजीव झा ने बुधवार को अपने ट्विटर अकाउंट पर मनोज तिवारी के छठ घाटों से संबंधित समाचार की किल्प शेयर करते हुए लिखा, “जब दिल्ली में हमारी सरकार आई थी तो सिर्फ 68 घाटों पर सरकारी सुविधा उपलब्ध कराई जाती थी और अब 600 घाटों पर।“ उन्होंने एक अन्य ट्वीट संदेश में कहा, “मनोज तिवारी केवल ओछी राजनीति और छठ पूजा के मंच पर गाना गाने के सिवाय कोई और योगदान हो तो बता दें, ये नाटक अब नहीं चलेगा।“
आप विधायक ने कहा कि गाना गाने से कोई पूर्वांचली का नेता नहीं बनता| मनोज तिवारी काम भी करना पड़ता है| आज 600 घाटों पर पूर्वांचली सम्मान से पूजा करते हैं। दिल्ली सरकार ने छठव्रतियों के लिए सैकड़ों घाटों पर सुविधा की व्यवस्था की है। दिल्ली सरकार द्वारा 68 घाटों से 600 घाटों पर सुविधा उपलब्ध करवाना यदि राजनीति है, तो मनोज तिवारी जी, इस प्रकार की राजनीति हम करेंगे।
उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से सवाल किया है कि आप क्या किए हैं 'सिर्फ और सिर्फ राजनीति।' उन्होंने स्वच्छ राजनीति को आगे बढ़ाने में आम आदमी पार्टी का सहयोग करने की जनता से अपील की है।
उल्लेखनीय है कि मंगलवार को भाजपा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने छठ पूजा की तैयारियों को लेकर केजरीवाल सरकार के दावों पर शंका जाहिर करते हुए कहा कि केवल कागजों में ही छठ घाट तैयार किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा था कि यमुना के किनारों पर गंदगी के ढेर हैं वही पार्कों में वर्षों से चली आ रही पूजा के घाटों को तैयार नहीं किया गया है। उन्होंने कहा था कि एक सप्ताह के बाद छठ पूजा पर दिल्ली के लाखों लोग छठ महापर्व में सूर्य की आराधना के लिए तैयारियों में जुट गए हैं वही केजरीवाल सरकार छठ घाटों की तैयारी पर ध्यान देने की जगह राजनीतिक रूप से जनता को गुमराह करने में व्यस्त है।