राज्य
हिमाचल में रात दस बजे के बाद नहीं चलेंगे पटाखे
By Deshwani | Publish Date: 18/10/2017 11:15:42 AMशिमला, (हि.स.)। दिल्ली के बाद हिमाचल में भी पटाखों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। हिमाचल हाई कोर्ट ने आदेश दिए हैं कि इस बार दिवाली में पटाखे सिर्फ रात के दस बजे तक ही चलाए जाएंगे। न्यायाधीश धर्मचंद चौधरी और न्यायाधीश विवेक सिंह ठाकुर की खंडपीठ ने शिमला के स्थानीय निवासी द्वारा याचिका की सुनवाई के पश्चात राज्य सरकार को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।
खंडपीठ ने मुख्य सचिव को आदेश दिए कि वह सुनिश्चित करें कि दिवाली में रात के दस बजे के बाद किसी भी जगह पटाखे न चलाए जाएं। अदालत ने अपने आदेशों में स्पष्ट किया कि अस्पताल, शैक्षणिक संस्थान और मंदिर परिसर के 100 मीटर के दायरे में कोई भी पटाखा नहीं चलाया जाएगा।
हिमाचल के विभिन्न हिस्सों में हर साल दीपावली के अवसर पर करोड़ों रुपये के पटाखे लोग चलाते हैं। देर रात एक-दो बजे तक भी पटाखे चलाने का जुनून युवाओं के साथ-साथ अधेड़ों पर भी सवार रहता है।