राज्य
भाजपा कार्यालय पर हमला, तोड़फोड़ व आगजनी में तीन कार्यकर्ता घायल
By Deshwani | Publish Date: 18/10/2017 9:22:18 AMकैनिंग, (हि.स.)। दक्षिण 24 परगना जिला स्थित कैनिंग में मंगलवार रात भाजपा के कार्यालय में हमले के बाद आगजनी की घटना प्रकाश में आई है। वहीं भाजपा ने आरोप लगाया है कि तृणमूल कार्यकर्ताओं ने इस घटना को अन्जाम दिया है।
कैनिंग इलाके में मंगलवार को एक आरएसएसकर्मी के घर कुछ बदमाशों ने तोड़फोड़ की। आरएसएस के लोगों ने इसका विरोध प्रदर्शन व पथराव करके किया। इस दौरान गेरुआ शिविर द्वारा बनाई गई कैनिंग बाजार में कई दुकानों में तोड़फोड़ की गई। आरोप है कि घटना को अंजाम तृणमूल समर्थकों ने दिया है। वहीं इस घटना को लेकर मंगलवार शाम आरएसएस-तृणमूल कर्मियों के बीच विवाद हो गया। धीरे-धीरे इस विवाद ने इतना गम्भीर रूप धारण कर लिया कि स्थिति को नियन्त्रण करना मुश्किल होने लगा। मामले की खबर कैनिंग थाना पुलिस को दी गई।
पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। परिस्थिति के अनुसार लाठीचार्ज कर दिया। इस दौरान भी भाजपा के कार्यालय पर तोड़फोड़ की गई। भाजपा के नेताओं ने आरोप लगाया है कि सबकुछ तृणमूल का किया-धरा है। इस बीच तीन भाजपा कार्यकर्ता घायल हुए हैं। जिसमें से एक की हालत गम्भीर बताई जा रही है। घायलों को कैनिंग महकमा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहां से हालत बिगड़ने के कारण बुधवार तड़के चित्तरंजन अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया।