राज्य
तीन दिन से लापता महिला का मिला शव
By Deshwani | Publish Date: 17/10/2017 1:22:10 PMउरई, (हि.स.)। जालौन चुंगी के पास मंगलवार को सुबह महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। तीन दिन पहले उसकी हत्या कर शव को फेंके जाने का अनुमान है। शव की शिनाख्त हो गई है लेकिन उसकी हत्या कब, कैसे हुई और किसने की यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। पुलिस जांच कर रही है।
स्कूल के पास आज सुबह एक महिला की बदबू मारती लाश के बारे में लोगों ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र द्विवेदी महिला थाने की एसओ के साथ मौके पर पहुंचे। मृतका की पहचान चक जगदेवपुर निवासी कौशल किशोर अग्रवाल की पत्नी अर्चना (33) के रूप में हुई है। उसकी शादी 10 वर्ष पहले हुई थी।
अर्चना पति के साथ मनमुटाव होने के कारण छह महीने तक उरई में अपनी माँ के पास रही, जो घरों में बर्तन मांजकर गुजारा चलाती है। एक पखवारे पहले ही पति और ससुर यह आश्वासन देकर उसे अपने साथ ले गए थे कि अब उसे दिक्कत नहीं होने दी जायेगी। इसी बीच 3 दिन पहले वह लापता हो गई और आज उसका शव मिला। प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र द्विवेदी ने कहा कि अभी छानबीन चल रही है। बिना ठोस आधार के कुछ कहना गलत होगा।