राज्य
संम्पूर्णानन्द विवि के कुलपति का छात्रों ने फूंका पुतला, कर्मचारियों ने किया अर्धनग्न प्रदर्शन
By Deshwani | Publish Date: 15/10/2017 4:41:55 PMवाराणसी, (हि.स.)। सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में रविवार को भी शिक्षकों, छात्रों और कर्मचारियों का धरना जारी रहा। एक गुट के छात्रों ने छात्रसंघ अध्यक्ष प्रिया चौबे की अगुवाई में कुलपति आवास के निकट कुलपति का प्रतीक पुतला फूंक कर आक्रोश जताया। इसी क्रम में आन्दोलनरत कर्मचारियों ने अर्धनग्न होकर प्रदर्शन किया।
कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सुशील तिवारी ने कहा कि वेतन के मुद्दे विश्वविद्यालय प्रशासन शासन के सामने सही पक्ष नहीं प्रस्तुत कर रहा है, जिससे उनकी समस्या का समाधान अब तक नहीं हो पाया। शासन से जितना अनुदान मिला है, उससे वेतन भुगतान नहीं हो सकता है। वेतन भुगतान के लिए और आर्थिक मदद चाहिए। उधर नए नियमों के आधार पर भर्ती की मांग करते हुए शिक्षकों का धरना भी जारी रहा। उनका कहना है कि मांगे पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
छात्रों ,कर्मचारियों और शिक्षकों की हड़ताल के बावजूद कुलपति प्रो. यदुनाथ दुबे आज अपने कार्यालय आए। कुछ देर तक कामकाज किया फिर चले गये। इस दौरान हड़ताली छात्रों एक गुट उनके समर्थन में तो दूसरा विरोध में नारेबाजी करता रहा। धरना स्थल पर कर्मचारी सुंदरकांड के पाठ से लेकर रामधुन भी गाते रहे।