राज्य
अवैध बिल्डिंग हादसे में 10 मजदूरों की मौत के आरोपी सपा नेता के घर की कुर्की
By Deshwani | Publish Date: 13/10/2017 3:24:26 PMकानपुर, (हि.स.)। पूर्व की सपा सरकार में कानपुर के सपा नेता की अवैध निर्माणाधीन बिल्डिंग ढहने के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को कुर्की की कार्रवाई की। सपा नेता के घर पहुंची पुलिस ने सामान जब्त करने के साथ घर में लगे दरवाजे-खिड़कियां तक खोल लिए। कोर्ट के आदेश पर हुई कार्रवाई के दौरान विरोध की आशंका के मद्देनजर भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
इसी साल फरवरी माह की एक तारीख को जाजमऊ स्थित सपा नेता महताब आलम की सात मंजिला अवैध निर्माणाधीन बिल्डिंग ढह गई थी। इस हादसे में 10 मजदूरों की मौत हुई थी और दर्जनों घायल हो गये थे। घटना के बाद सपा नेता फरार हो गया था। तत्कालीन सत्तासीन सपा सरकार में रहते हुए आरोपी सपा नेता ने पुलिस कार्रवाई से बचने के तमाम प्रयास किये, लेकिन कानूनी कार्रवाई की शिकंजा उस पर कसता गया।
प्रदेश में चुनाव बाद बनी बीजेपी की नई सरकार में आरोपी पर कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया तेज कर दी गई। कोर्ट ने बीते दिनों सपा नेता के घर की कुर्की आदेश दिये थे। आदेश के चलते ही शुक्रवार को भारी पुलिस बल जाजमऊ स्थित आरोपी सपा नेता के घर पहुंचा और सामान जब्त करने के साथ मकान में लगे दरवाजे व खिड़कियां भी निकाल लिए। समर्थकों के हंगामा व विरोध को भांपते हुए पुलिस बल काफी अधिक था जिसके चलते कोई भी अड़चन नहीं आई। पुलिस ने नोटिस चस्पा करते हुए जब्त सामान की लिस्ट बनाते हुए कार्रवाई पूरा की। चकेरी इंस्पेक्टर रवीन्द्र वशिष्ट ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर पुलिस सपा नेता महताब आलम के घर कुर्की करने गई थी। इस दौरान मकान में कोई भी मौजूद नहीं था। इसको देखते हुए कुर्की के दौरान वीडियोग्राफी भी करवाई गई है।