राज्य
विकास में सभी की भागीदारी आवश्यक : माया सिंह
By Deshwani | Publish Date: 13/10/2017 11:38:59 AMग्वालियर, (हि.स.)। प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास मंत्री माया सिंह ने कहा है कि गाँवों को साधन सम्पन्न बनाने के साथ ही स्वच्छ और सुंदर बनाना सरकार के साथ-साथ हम सबकी भी जवाबदारी है। उन्होंने यह बात गुरुवार शाम को शहर के वार्ड-59 में बड़ी मड़ैया में सामुदायिक केन्द्र के भूमि पूजन अवसर पर आयोजित समारोह में कही। उन्होंने कहा कि वार्ड-59 में विक्की फैक्ट्री से ग्राम पिपरोली तक सडक़ निर्माण का कार्य किया जा रहा है। गाँव में सडक़ के बन जाने से विकास के द्वार खुलेंगे। इसके पूर्ण होने से गाँववासियों को जहाँ आवागमन की सुविधायें उपलब्ध होंगीं, वहीं विकास के अन्य कार्य भी तेजी से पूर्ण हो सकेंगे। विकास कार्य में सभी का सहयोग व भागीदारी नितांत आवश्यक है।
माया सिंह ने कहा कि छोटी मड़ैया में पाँच लाख रूपए की लागत से निर्मित किए गए सामुदायिक भवन का लोकार्पण भी किया गया है। इसके साथ ही 19 लाख 50 हजार रूपए की लागत से बड़ी मड़ैया में भी सामुदायिक केन्द्र का निर्माण किया जा रहा है। दोनों स्थानों पर आंगनबाड़ी केन्द्र भी प्रारंभ किए गए हैं। आंगनबाड़ी केन्द्रों में बच्चों को जहाँ प्राथमिक शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है, वहीं उन्हें स्वास्थ्य सेवायें भी उपलब्ध हो रही हैं। ग्वालियर शहर स्मार्ट सिटी में शामिल होने से नगर निगम के सभी वार्डों में बेहतर सुविधायें मुहैया कराई जायेंगीं। स्मार्ट शहर के साथ-साथ वहाँ के निवासियों को भी स्मार्ट होना पड़ेगा।