राज्य
बदमाशों के गोलियों से छलनी ठेकेदार के घर जुटे परिजन, पीएम से शव आने का इन्तजार
By Deshwani | Publish Date: 12/10/2017 11:55:22 AMवाराणसी, (हि.स.)। सिगरा थाना क्षेत्र के छित्तूपुर स्थित विद्या विहार कालोनी के पास देर शाम बदमाशों के गोलियों से छलनी भोजनालय संचालक ठेकेदार विशाल सिंह (35) के घर गुरूवार को महिलाओं के रूदन चित्कार से माहौल बोझिल रहा। रिश्तेदार परिजनों मोहल्ले वाले शोक संवेदना जताने जुटे रहे। शव को पोस्टर्माटम के लिए भेजने की तैयारी चल रही थी।
गौरतलब हो कि जौनपुर जनपद के चन्दवक बलरामपुर गांव निवासी विशाल यहां विद्या विहार कालोनी में फ्लैट संख्या 6 बी में किराये पर रहते थे। बुधवार की रात लगभग 10.15 बजे शास्त्री नगर सिगरा चौराहा स्थित भोजनालय से हिसाब कर बुलेट से घर लौट रहे थे। कालोनी के गेट पर पहुंचे तो गार्ड से गेट खालेने के लिए कहा, तभी बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाश पहुंचे। विशाल कुछ समझ पाते उसके पहले ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। विशाल भागे तो बदमाश भी पीछे दौड़े और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। आधा दर्जन से अधिक गोलियां विशाल को लगी और वह गिर पड़े। इसके बाद बदमाश भाग गये। गोलियों की आवाज से कालोनी के लोग भी बाहर आ गये थे। पत्नी भी फायरिंग की आवाज सुनकर बाहर आयी। विशाल को खून से लथपथ पड़ा देख चीखने लगी। तत्काल पत्नि और परिजन उन्हें लेकर मलदहिया स्थित एक निजी चिकित्सालय पहुंचे। चिकित्सकों ने यहां उन्हें मृत घोषित कर दिया। वारदात की खबर मिलने पर आईजी जोन, एसएसपी, एसपी सिटी, एसपी क्राइम के साथ कई थानेदार और क्षेत्राधिकारी भी पहुंच गये। पुलिस को मौके से 12 खोखे मिले हैं। खोखे दो बोर के हैं। विशाल से दो बड़े भाई हैं। बड़े भाई अरविन्द सिंह भी ठेकेदारी करते हैं और निराला नगर में रहते हैं। मृतक का एक पुत्र पांच साल और पुत्री दो साल की है।
एसएसपी ने बताया कि विशाल गिट्टी बालू की ठेकेदारी के साथ होटल चलाता था। हत्या के पीछे क्या कारण पता करने का प्रयास हो रहा है। इसके लिए टीमें गठित कर दी गयी हैं। प्रारम्भिक जांच पड़ताल में अनुमान लगाया गया कि वारदात को पेशेवर शूटरों ने अंजाम दिया है। आस पास के सीसीटीवी फुटेज आदि खंगाले जा रहे है। इससे मिले सुराग के आधार पर अपराधियों की तलाश में पुलिस के तेज तर्रार अफसर जुट गये हैं।